नई दिल्ली, 06 फ़रवरी (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले की कड़ी निंदा की है और इस घटना में हुई जान-माल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। साथ ही पाकिस्तान के उन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिसमें इस हमले के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया गया था। विदेश मंत्रालय ने इसे पाकिस्तान का अपनी घरेलू विफलताओं से ध्यान भटकाने का एक पुराना तरीका करार दिया है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इस हमले को निंदनीय बताया और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बयान के मुताबिक आज सुबह इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई जानमाल की हानि पर शोक व्यक्त करता है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को परेशान करने वाली समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने के बजाय, अपनी घरेलू बुराइयों के लिए दूसरों को दोष देकर खुद को धोखा दे रहा है। भारत ऐसे किसी भी आरोप को खारिज करता है, जो जितना आधारहीन है, उतना ही बेकार भी है।
हिन्दुस्थान समाचार/अनूप
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा