
नई दिल्ली, 07 फरवरी (हि.स)। नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी आय फाइनेंस लिमिटेड ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले एंकर इन्वेस्टर्स से 454.5 करोड़ रुपये जुटाए हैं। ये इश्यू 9 फरवरी को पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा।
कंपनी ने शनिवार को स्टॉक एक्सचेंजों को बताया कि उसने एंकर इन्वेस्टर्स को 129 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से इक्विटी शेयर अलॉट किए हैं। एंकर इन्वेस्टर्स में भाग लेने वाले कुछ प्रमुख संस्थानों में न्यूयॉर्क स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट सिस्टम, सोसाइटे जेनरल, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, बीएनपी पारिबा फाइनेंशियल मार्केट्स, बे पॉन्ड पार्टनर्स और इथान क्रीक मास्टर इन्वेस्टर्स (केमैन) शामिल हैं।
आय फाइनेंस लिमिटेड के मुताबिक एंकर इन्वेस्टर्स को अलॉट किए गए कुल 3,52,32,558 इक्विटी शेयरों में से 76,74,560 इक्विटी शेयर कुल 4 स्कीमों के जरिए 2 घरेलू म्यूचुअल फंड्स को अलॉट किए गए। कंपनी का आईपीओ 9 फरवरी को खुलेगा। निवेशक इसमें निवेश करने के लिए 11 फरवरी तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 122-129 रुपये प्रति शेयर तय किया है।
आय फाइनेंस लिमिटेड पूरे भारत में माइक्रो, स्मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेज को कर्ज देने पर फोकस करती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर