
नई दिल्ली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को रामलीला मैदान से 500 इलेक्ट्रिक बसों तथा दिल्ली–पानीपत इंटर-स्टेट बस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
इस मौके पर नितिन नवीन ने कहा कि दिल्ली की आकांक्षाओं को भाजपा सरकार पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि ठीक एक साल पहले आज ही के दिन दिल्ली की जनता ने भाजपा को बहुमत दिया था और मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर दिल्लीवासियों को 500 ईवी बसों का तोहफा दिया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार के प्रयासों से आज राजधानी में 4,000 ईवी बसें संचालित हो रही हैं। आम आदमी पार्टी ने जहां ईवी बसों की बात केवल कागजों में की, वहीं भाजपा सरकार ने उन्हें सड़कों पर उतारने का काम किया।
नितिन नवीन ने कहा कि पहले यमुना को नदी कहने में शर्म आती थी, लेकिन आज भाजपा सरकार ने उसे स्वच्छ बनाने का कार्य किया है। उन्होंने छठ पर्व के दौरान यमुना की सफाई के लिए मुख्यमंत्री और दिल्ली सरकार को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने दिल्लीवासियों को स्वास्थ्य कवच के रूप में आयुष्मान योजना लागू करने तथा अटल कैंटीन की शुरुआत कर अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली 4,000 ईवी बसों वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ राजधानी की यातायात व्यवस्था को भी सुगम बना रही है। मुख्यमंत्री ने एक साल पहले भाजपा को बहुमत देने के लिए दिल्ली की जनता का आभार जताया और कहा कि उसी दिन विकसित दिल्ली की नींव पड़ी थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के 48 विधायक दिन-रात राजधानी के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह, लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, शिक्षा मंत्री आशीष सूद, कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह, पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की अध्यक्ष निहारिका राय सहित कई विधायक और पार्षद उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार की योजना अपने कुल बस बेड़े को 31 दिसंबर 2026 तक 6,000 बसों, 31 दिसंबर 2027 तक 7,500 बसों, 31 मार्च 2028 तक 10,400 बसों और 31 मार्च 2029 तक 14,000 बसों तक बढ़ाने की है। इस योजना के तहत 7 मीटर लंबाई की 500 बसों को ‘लास्ट-माइल कनेक्टिविटी’ को मजबूत करने के लिए तैनात किया जाएगा। इन बसों को दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के साथ एकीकृत किया जाएगा, ताकि आवासीय, वाणिज्यिक और उच्च घनत्व वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो सके। वर्तमान में 100 इलेक्ट्रिक मेट्रो फीडर बसों के माध्यम से लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा रही है।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव