
नई दिल्ली, 09 फरवरी (हि.स.)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को 2025-26 सत्र के लिए बीसीसीआई के केंद्रीय अनुबंध में ग्रेड-ए में पदोन्नत किया गया है। 25 वर्षीय जेमिमा पिछले एक साल में टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में रही हैं और 2025 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में उनकी भूमिका अहम रही। सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनकी नाबाद 127 रनों की पारी खास तौर पर यादगार रही।
ग्रेड-ए में जेमिमा अब कप्तान हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा के साथ शामिल हो गई हैं। यह श्रेणी बोर्ड के सर्वोच्च अनुबंध स्तर को दर्शाती है।
अनुबंध सूची का विस्तार
इस बार महिला केंद्रीय अनुबंध सूची का दायरा बढ़ाया गया है। 2024-25 में जहां 16 खिलाड़ी शामिल थीं, वहीं 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 21 हो गई है। हालांकि, चोटों के कारण लंबे समय तक बाहर रहीं श्रेयंका पाटिल और पूजा वस्त्राकर को इस सूची में जगह नहीं मिली, जबकि दोनों ने हाल ही में डब्ल्यूपीएल में वापसी की थी।
ग्रेड-बी में सबसे ज्यादा बदलाव
ग्रेड-बी श्रेणी में कई बदलाव देखने को मिले। रेणुका ठाकुर, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने अपनी जगह बरकरार रखी है। वहीं स्नेह राणा, राधा यादव, उमा छेत्री, अरुंधति रेड्डी और अमनजोत कौर को ग्रेड-सी से प्रमोशन मिला है। प्रतिका रावल और क्रांति गौड़ को भी नए तौर पर इस ग्रेड में शामिल किया गया है।
ग्रेड-सी में नए चेहरे
ग्रेड-सी में युवा खिलाड़ियों को तरजीह दी गई है। पिछली सूची की नौ खिलाड़ियों में से सिर्फ यास्तिका भाटिया अपनी जगह बचा पाईं। नई सूची में हरलीन देओल, काश्वी गौतम, जी. कमलिनी, वैष्णवी शर्मा, तेजल हसबनिस और बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी को शामिल किया गया है। ये चयन हालिया अंतरराष्ट्रीय मौकों और भविष्य की तैयारी को ध्यान में रखकर किए गए हैं।
बीसीसीआई की यह सूची साफ संकेत देती है कि महिला क्रिकेट में प्रदर्शन, फिटनेस और भविष्य की संभावनाओं को आधार बनाकर खिलाड़ियों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय