नए आयकर नियम मार्च के पहले हफ्ते में अधिसूचित होने की संभावना

09 Feb 2026 18:37:53
आयकर के लोगो का प्रतीकात्‍मक चित्र


आयकर के लोगो का प्रतीकात्‍मक चित्र


नई दिल्‍ली, 09 फरवरी (हि.स)। आयकर कानून के नियम मार्च के पहले हफ्ते में अधिसूचित होने की संभावना है। नया आयकर कानून एक अप्रैल से लागू होगा। ये छह दशक से अधिक पुराने आयकर कानून, 1961 की जगह लेगा।

केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने रविवार को नए आयकर कानून, 2025 के तहत नियमों का मसौदा एवं फॉर्म जारी किए हैं। सीबीडीटी ने 22 फरवरी तक आयकर नियम, 2026 के मसौदा नियम और फॉर्म पर संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं। उन्होंने कहा कि नए मसौदा नियम और फॉर्म पर लोगों के सुझाव आने के बाद इसे मार्च के पहले सप्ताह में अधिसूचित किया जाएगा। नए आयकर कानून के लिए जारी नियमों का मसौदा एवं फॉर्म को काफी सरल बनाया गया है। इसमें नियमों की संख्या लगभग 35 फीसदी घटाकर 333 कर दी गई है, जबकि फॉर्म की संख्या में 50 फीसदी से अधिक की कटौती की गई है। इस पहल का मकसद करदाताओं के लिए प्रावधानों को सरल बनाना, अनुपालन बोझ को कम करना और व्यवस्था को करदाताओं के अनुकूल बनाना है।

प्रस्तावित नये आयकर नियम, 2026 के तहत नियमों की संख्या घटाकर 333 किया गया, जबकि फॉर्म की संख्या घटाकर 190 की गई है। आयकर नियम, 1962 के तहत इसकी संख्या क्रमश: 511 और 399 थी। प्रस्तावित आयकर नियम में भाषा को सरल बनाया गया है और उन अनुपालन को हटाया गया है, जिनकी जरूरत अब नहीं रह गई है। इसके साथ अनुपालन को सुगम बनाने के लिए फॉर्म का मानकीकरण किया गया है। इसके अलावा नियमों को आयकर कानून, 2025 के साथ संबद्ध किया गया है और अनवाश्यक प्रावधानों को समाप्त किया गया है।

आयकर नियमों को और फॉर्म को ‘रि-इंजीनियर’ किया गया है। इसके तहत नियमों को आयकर कानून, 2025 के साथ संबद्ध किया गया है, जबकि अनवाश्यक प्रावधानों को समाप्त किया गया है। इसके साथ ही फाइलिंग को ज्यादा आसान और कम गलती वाला बनाने के लिए ‘प्रिफिल’ यानी पहले से ही फॉर्म में आंकड़े भरे होने की सुविधा दी गई है। इसके अलावा इसमें परिचालन, प्रशासनिक या कानूनी उलझन से बचने के लिए फॉर्म की भाषा को आसान बनाया गया है। इससे कर अनुपालन पहले से सुगम एवं बेहतर होगा। इसके साथ ही कर विभाग की परिचालन क्षमता और मजबूत होगी जिससे कर चोरी पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0