श्याम लाल कॉलेज ने 12वें पद्मश्री श्याम लाल हॉकी टूर्नामेंट का खिताब जीता

युगवार्ता    09-Feb-2026
Total Views |
श्याम लाल कॉलेज


नई दिल्ली, 09 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली के श्याम लाल कॉलेज ने एक बार फिर 12वें पद्मश्री श्याम लाल मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग का खिताब जीत लिया है। सोमवार को टूर्नामेंट के फाइनल में श्याम लाल कॉलेज ने इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंस को 5-2 से हराया।

विजेता टीम के आशीष सहरावत ने प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड जीता। खिताबी मुकाबले में आशीष ने दो, हंस शर्मा, नंद किशोर और फरमान ने एक-एक गोल किया। विपक्षी टीम के शेषनाथ और पुलकित ने एक-एक गोल किया।

मुख्य अतिथि रोहतास नगर के विधायक जितेंद्र महाजन, वेलकम वार्ड के पार्षद रितेश सूजी और श्याम लाल कॉलेज (प्रातः) के प्रिंसिपल प्रो. रबि नारायण कर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए।

विधायक महाजन ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए हॉकी के खेल में मेहनत कर नई ऊंचाइयों को छूने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि श्याम लाल कॉलेज में हॉकी की 40 साल पुरानी परंपरा रही है। मैं भी यहीं का विद्यार्थी रहा हूं। जब हॉकी का मैच यूनिवर्सिटी में होता था तो स्पेशल बसें समर्थकों से भर कर जातीं थी।

प्रिंसिपल प्रो. रबि नारायण कर ने सभी अतिथियों को धन्यवाद देते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि खिलाड़ी इसी तरह मेहनत करते रहेंगे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Tags