एफआईएच प्रो लीग के लिए तैयार अराइजीत, कहा- खुद को साबित करने का बड़ा मौका

09 Feb 2026 16:15:53
भारतीय खिलाड़ी अराइजीत सिंह हुडाल


राउरकेला, 09 फरवरी (हि.स.)। चोट से मजबूत वापसी करते हुए मेन्स हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले भारत के उभरते फॉरवर्ड अराइजीत सिंह हुंडाल अब एफआईएच मेन्स प्रो लीग 2025-26 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए खेलने को तैयार हैं। भारत राउरकेला चरण में अर्जेंटीना और बेल्जियम जैसी मजबूत टीमों से भिड़ेगा, जहां अराइजीत सिंह हुंडाल से एक बार फिर प्रभावशाली प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

ओडिशा के राउरकेला स्थित बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में 10 से 15 फरवरी तक होने वाले मुकाबलों में अराइजीत भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। राउरकेला चरण की शुरुआत 10 फरवरी को बेल्जियम और अर्जेंटीना के मुकाबले से होगी, जबकि भारत अपना पहला मैच 11 फरवरी को बेल्जियम के खिलाफ खेलेगा।

अराइजीत को ट्रेनिंग के दौरान लगी चोट के कारण हॉकी मेन्स जूनियर वर्ल्ड कप तमिलनाडु 2025 से बाहर रहना पड़ा था, जहां मेजबान भारत ने कांस्य पदक जीता था।

अपनी वापसी को लेकर अराइजीत ने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, “चोट के कारण जूनियर वर्ल्ड कप मिस करना मेरे लिए मानसिक रूप से बहुत कठिन था। डॉक्टरों ने सर्जरी की सलाह दी थी, लेकिन मैंने अपनी रिकवरी पर भरोसा किया और पूरी तरह रिहैब और एक्सरसाइज पर ध्यान दिया। सबसे अहम मेरी मानसिकता थी—मैं और मजबूत होकर वापसी करना चाहता था, और सौभाग्य से हीरो एचआईएल से पहले पूरी तरह फिट हो गया।”

हीरो एचआईएल 2025-26 में अराइजीत ने रांची रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल सहित कुल तीन गोल दागे। उनकी टीम उपविजेता रही।

इस प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा, “यह सीजन मेरे लिए पिछले साल से कहीं बेहतर रहा। शुरुआत में दो-तीन मैचों में लय पाने में समय लगा, लेकिन उसके बाद आत्मविश्वास बढ़ता गया। फाइनल तक पहुंचना हमारे लिए बड़ी उपलब्धि थी। सीनियर और विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलने से बहुत कुछ सीखने को मिला, खासकर दबाव में फैसले लेने का तरीका।”

रांची रॉयल्स में अनुभवी फॉरवर्ड मनदीप सिंह के साथ खेलने के अनुभव पर अराइजीत ने कहा, “मनदीप भैया के साथ खेलना हमेशा मददगार रहता है। वह कई सालों से शीर्ष स्तर पर खेल रहे हैं। किसी भी तकनीकी या सामरिक गलती पर हम उनसे सलाह ले सकते हैं। वह बहुत शांत स्वभाव के हैं और जूनियर्स की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।”

आगामी प्रो लीग मुकाबलों को लेकर अराइजीत ने आत्मविश्वास जताते हुए कहा, “हमारी ट्रेनिंग बेहद प्रभावशाली रही है और इंटेंसिटी शानदार है। यह सीनियर लेवल पर खुद को साबित करने का बड़ा मौका है। कोच क्रेग फुल्टन ने सर्कल के अंदर मेरी अवेयरनेस और डिसीजन मेकिंग पर खास फोकस करने को कहा है।”

अपने लक्ष्यों पर अराइजीत ने कहा,“मैं दो बातों पर खास ध्यान दे रहा हूं—पहला, सर्कल के अंदर गैरज़रूरी गलतियों से बचते हुए स्कोरिंग मौका बनाना या पेनल्टी कॉर्नर हासिल करना और दूसरा, ऑफ-द-बॉल अनुशासन, सही पोजिशनिंग और टीम स्ट्रक्चर के मुताबिक अपनी भूमिका निभाना।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0