
नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने मध्य पूर्व के कई देशों में सोमवार को होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए स्थगित करने का निर्णय लिया है।
सीबीएसई का यह आदेश बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के संबद्ध स्कूलों पर लागू होगा। बोर्ड ने आज एक आदेश में कहा कि 2 मार्च को होने वाली परीक्षाओं के लिए नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वे 3 मार्च को स्थिति की समीक्षा करेंगे। इसके बाद ही 5 मार्च और उसके बाद की परीक्षाओं पर कोई फैसला लिया जाएगा।
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज की ओर से जारी इस सर्कुलर में सभी छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अपडेट के लिए अपने संबंधित स्कूलों के संपर्क में रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी