ईरान का संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर पर हमला, एयरपोर्ट का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त, कतर के दोहा में धमाके

01 Mar 2026 12:00:53
दुबई में रविवार को जेबेल अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर धुआं उठता हुआ। फोटो - सीएनएन


दुबई/दोहा/तेहरान/वाशिंगटन/तेल अवीव, 01 मार्च (हि.स.)। इजराइल-अमेरिका के संयुक्त हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों के मारे जाने के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने आज सुबह संयुक्त अरब अमीरात के शहर दुबई पर हवाई हमला किया। इस हमले में जेबेल अली इंटरनेशनल एयरपोर्ट का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में एयरपोर्ट के अंदर धुआं नजर आ रहा है। स्टाफ बिल्डिंग खाली कर रहा है। कतर के दोहा में भी धमाके हुए हैं।

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, दुबई में सुबह लगातार शक्तिशाली विस्फोट हुए। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। एयरपोर्ट और आसपास धुआं नजर आ रहा है। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट के बाद दुबई के बिजनेस बे के ऊपर एक हवाई इंटरसेप्शन से निकले मलबे से शहर के बड़े कमर्शियल पोर्ट में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उधर, कतर के दोहा में रविवार सुबह स्थानीय समयानुसार 7:30 बजे कई जोरदार धमाके सुने गए। रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के लोग खामेनेई की मौत की आधिकारिक घोषणा के बाद सड़क पर जश्न मना रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शासन बदलने के आह्वान के बाद ईरान ने अभूतपूर्व हमले की चेतावनी दी है। इजराइल की नेशनल इमरजेंसी सर्विस का कहना है कि शनिवार को देशभर में हुए हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 121 अन्य घायल हो गए। एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया है कि तेल अवीव में ईरान के मिसाइल हमले में कई लोगों की मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0