
नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 2 से 5 मार्च तक स्पेन के बार्सिलोना में होने वाले मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संचार मंत्रालय ने बताया कि बार्सिलोना पहुंचकर सिंधिया सम्मेलन में भारत मंडप का उद्घाटन करेंगे। इसके माध्यम से भारत की दूरसंचार विनिर्माण क्षमता और नवाचार पारितंत्र को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। वह इंडिया मोबाइल कांग्रेस के कर्टेन रेजर का भी अनावरण करेंगे। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया जीएसएमए मंत्रिस्तरीय कार्यक्रम में ‘बिल्ट फॉर व्हाट्स नेक्स्ट’ सत्र को संबोधित करेंगे। इस सत्र में भविष्य की डिजिटल अवसंरचना और उभरती प्रौद्योगिकी ढांचे पर चर्चा होगी। वह ‘ब्रेकिंग द कॉस्ट बैरियर’ विषय पर समापन मुख्य वक्तव्य भी देंगे। इसमें सस्ती, समावेशी और विस्तार योग्य डिजिटल कनेक्टिविटी मॉडल पर जोर रहेगा।
दौरे के दौरान सिंधिया वैश्विक मुख्य कार्यपालक अधिकारियों के साथ रात्रिभोज में सहभागिता करेंगे। वह विभिन्न वैश्विक और भारतीय कंपनियों के स्टॉल का भ्रमण करेंगे। प्रौद्योगिकी प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। वह तेजस नेटवर्क्स के स्टॉल पर टी31600-डी3 हाइपर स्केलेबल डीसीआई प्लेटफार्म का शुभारंभ करेंगे। सिंधिया दूरसंचार क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में सार्वभौमिक और सार्थक कनेक्टिविटी तथा सुदृढ़ संचार अवसंरचना पर सहयोग के अवसर तलाशे जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर