केरल में सेंट स्टीफेंस विद्यालय के शताब्दी समारोह का उपराष्ट्रपति ने किया उद्घाटन

01 Mar 2026 22:01:53
केरल के पथनापुरम में सेंट स्टीफेंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शताब्दी समारोह का उद्घाटन करते उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन।


नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने केरल के कोल्लम जिले के पथनापुरम स्थित सेंट स्टीफेंस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शताब्दी समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने 100 वर्ष पूर्ण करना एक उल्लेखनीय उपलब्धि बताया।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि किसी भी संस्था की वास्तविक शक्ति उसके भवनों में नहीं, बल्कि उसके मूल्यों में होती है। विद्यालय ने एक शताब्दी तक विद्यार्थियों के मन को आकार दिया है। चरित्र निर्माण किया है। भविष्य गढ़ा है। यहां से निकले विद्यार्थी जिम्मेदार नागरिक, नेतृत्वकर्ता, पेशेवर और संवेदनशील मानव बने हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। शिक्षा में चिंतन क्षमता, संवेदनशीलता, धैर्य और ईमानदारी का विकास होना चाहिए। विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने, परिश्रम करने और विनम्र बने रहने का आह्वान किया।

उपराष्ट्रपति ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग को समाज के लिए बड़ा अभिशाप बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से मादक पदार्थों को ना कहने का आग्रह किया। कहा कि इसके विरुद्ध देशव्यापी जन आंदोलन चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच समाज सेवा को लेकर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा स्वागत योग्य है। यह लोकतंत्र को सशक्त करती है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। आत्मनिर्भर भारत की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है। 2047 का भारत आज के विद्यार्थियों के विचार और पहल से आकार लेगा।

उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष आत्ममंथन और नव आरंभ का अवसर है। विद्यालय आधुनिक शिक्षा के साधनों को अपनाए। साथ ही नैतिक और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ा रहे। संस्था केवल शैक्षणिक उपलब्धि ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नागरिक तैयार करे। उन्होंने केरल में शिक्षा और सामाजिक विकास पर विशेष बल का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाओं ने राज्य की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को सुदृढ़ किया है।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने पथनापुरम स्थित माउंट ताबोर दयारा में चार महानगराध्यक्षों की पवित्र समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में केरल के राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी, केरल के मंत्री केबी गणेश कुमार, केरल के वित्त मंत्री केएन बालगोपाल, सांसद कोडिकुन्निल सुरेश तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0