एयर इंडिया, एआई एक्सप्रेस आज पश्चिम एशिया के लिए 60 उड़ान करेंगी संचालित

युगवार्ता    10-Mar-2026
Total Views |
एयर इंडिया के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स)। टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया एयरलाइन और एयर इंडिया एक्सप्रेस मंगलवार को पश्चिम एशिया के शहरों के लिए कुल 60 उड़ान संचालित करेंगी। इनमें संयुक्त अरब अमीरात के लिए 32 उड़ान शामिल हैं।

एयर इंडिया ने ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी बयान में कहा कि एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस आज मिलकर जेद्दा से आने-जाने के लिए 14 उड़ान संचालित करेंगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस मस्कट से आने-जाने के लिए 14 उड़ान संचालित करेंगी। इस तरह ये दोनों एयरलाइन कुल 28 उड़ानों को संचालित करेंगी।

इससे पहले जारी एक बयान में सोमवार को कहा गया, ‘निर्धारित सेवाओं के अलावा, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस 10 मार्च को भारतीय शहरों और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच कुल 32 उड़ान संचालित करेंगी।’’ ये 32 उड़ानें भारत के विभिन्न शहरों से दुबई, अबू धाबी, शारजाह और रास अल-खैमाह आने-जाने के लिए होंगी। एयर इंडिया ने कहा कि हम पश्चिम एशिया डेवलपमेंट पर करीब से नज़र रख रहे हैं और हालात के बदलने पर आगे अपडेट देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags