
कोलकाता, 10 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा के दौरान मंगलवार को दक्षिण 24 परगना में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बंगाल में निर्णायक बदलाव का आह्वान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एकजुट होकर राज्य को भ्रष्टाचार से बचाएं और तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से हटाएं।
सैनी ने कहा कि बंगाल सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य है और इसकी मिट्टी तथा यहां के लोग पूरे देश के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि इसी पवित्र भूमि ने देश को अमर गीत “वंदे मातरम्” दिया है। उनके अनुसार आज राज्य के लोग विकास और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहते हैं और भाजपा का लक्ष्य बंगाल को नई दिशा देना है।
उन्होंने दक्षिण 24 परगना के लोगों, विशेष रूप से मछुआरों और किसान परिवारों की मेहनत का उल्लेख करते हुए कहा कि वे हर दिन कठिन परिस्थितियों में काम करते हैं, लेकिन राज्य सरकार की विफलताओं के कारण उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने जिले में हर वर्ष आने वाली प्राकृतिक आपदाओं का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि राहत और पुनर्वास के नाम पर लोगों को ठगा गया है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में लोगों के घर टूट गए और नावें नष्ट हो गईं, लेकिन पीड़ितों को मिलने वाले लाभों में भी अनियमितता और लूट हुई।
सैनी ने कहा कि बेरोजगारी के कारण बंगाल के युवा गहरी चिंता में हैं और काम की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बदलनी चाहिए ताकि युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने आरोप लगाया कि कभी पूरे देश को रास्ता दिखाने वाला बंगाल आज भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण की राजनीति और हिंसा के जाल में फंस गया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वालों ने ऐसी स्थिति की कल्पना की थी। उन्होंने कहा कि बंगाल एक बार फिर अपनी स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने को तैयार है।
सैनी ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार केवल योजनाओं के नाम बदलने का काम कर रही है और वास्तविक विकास नहीं हो रहा है, जिससे राज्य को गरीबी की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया है और बंगाल को घुसपैठियों के लिए सुरक्षित स्थान बना दिया है। उनके अनुसार यही कारण है कि राज्य सरकार नागरिकता संशोधन अधिनियम का विरोध करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को मतुआ और नामशूद्र जैसे समुदायों से भी समस्या है और राम नवमी जैसे धार्मिक उत्सवों से भी आपत्ति होती है। उन्होंने कहा कि “जय श्री राम” का नारा लगाने पर भी आपत्ति जताई जाती है। सैनी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचने से रोक रही है और लोगों तथा उनके अधिकारों के बीच दीवार बनकर खड़ी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक महिला नेता होने के बावजूद ममता बनर्जी ने देश की राष्ट्रपति का अपमान किया है।
विजय सिन्हा और केशव प्रसाद मौर्य ने भी किया बदलाव का आह्वान
चंद्रकोना में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के मंत्री विजय सिन्हा ने भी बंगाल में परिवर्तन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार मुस्लिम तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के लिए पूरे देश में कुख्यात है। इन्हें सत्ता से नहीं हटाने पर बंगाल बर्बाद हो जाएगा।
नवदीप में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के डिप्टी चीफ मिनिस्टर केशव प्रसाद मौर्य ने भी बंगाल में बदलाव का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ममता सरकार ने केंद्र के दिए हुए सारे पैसे गबन कर लिए और बंगाल के लोगों को हर तरह के विकास से वंचित रखा है। उन्होंने भाजपा सरकार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे बंगाल विकास की राह पर अग्रसर होगा।
इस दौरान बर्द्धमान विभाग में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य सामिक भट्टाचार्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार का अंत निकट है और बर्द्धमान की भूमि ऐतिहासिक रूप से परिवर्तन की भूमि रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट बैंक को बचाने के लिए बंगाल के भविष्य को खतरे में डाल रही है।
भट्टाचार्य ने दावा किया कि मुर्शिदाबाद में तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा जनसंख्या के आधार पर धमकी दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में मतदाता सूची में अनियमितताएं सामने आई हैं, जहां एक व्यक्ति के 100 से अधिक बच्चों के नाम दर्ज होने जैसी घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की लड़ाई किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि हर भारतीय नागरिक के अधिकारों के लिए है और विकास न होने से मुसलमानों को भी नुकसान हो रहा है। उन्होंने राज्य में बढ़ती आतंकवादी गतिविधियों पर भी चिंता जताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं को तृणमूल से जुड़े प्रबंधों के तहत केवल 50 रुपये प्रतिदिन पर काम करने को मजबूर किया जा रहा है और लगभग पांच लाख सरकारी पद समाप्त हो चुके हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी कर्मचारियों को उनके वैधानिक अधिकार भी नहीं मिल रहे हैं।
नवद्वीप विभाग में आयोजित सभा में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार पश्चिम बंगाल को “पश्चिम बांग्लादेश” में बदलना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में एक भी अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए को रहने नहीं देगी और उनकी पहचान कर उन्हें वापस भेजा जाएगा।
राहुल सिन्हा ने यह भी कहा कि बांग्लादेश से धार्मिक उत्पीड़न के कारण आए शरणार्थियों की भाजपा रक्षा करेगी और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को कानून के अनुसार भारतीय नागरिकता दिलाने का प्रयास करेगी।
परिवर्तन यात्रा के दौरान भाजपा नेताओं ने यह भी घोषणा की कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो राज्य को अवैध घुसपैठ से पूरी तरह मुक्त किया जाएगा और हर घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें वापस भेजा जाएगा।
भाजपा नेताओं ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी वादा किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती घोटाले से लेकर राशन घोटाले तक हर मामले की जांच होगी और दोषियों को सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नौकरी, राशन, रेत या कोयले से जुड़े भ्रष्टाचार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पार्टी ने यह भी आश्वासन दिया कि सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर सभी राज्य सरकारी कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा, ताकि उनका वेतन राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो सके।
इसके अलावा भाजपा ने वादा किया कि नौकरियों में कट मनी की प्रथा समाप्त की जाएगी और दिसंबर 2026 तक सभी खाली सरकारी पदों को पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा। पार्टी ने यह भी कहा कि जो युवा लंबे समय से परीक्षाओं का इंतजार कर रहे हैं, उन्हें सरकारी सेवाओं में प्रतिस्पर्धा के लिए पांच वर्ष की आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
भाजपा नेताओं ने पश्चिम बंगाल के लोगों को 14 मार्च 2026 को कोलकाता में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड रैली में शामिल होने का भी आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर