नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12वीं के गणित के प्रश्नपत्र को लेकर उठी आशंकाओं पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है कि प्रश्नपत्र पूरी तरह वास्तविक और सुरक्षित हैं तथा उनकी सुरक्षा में किसी प्रकार का समझौता नहीं हुआ है।
सीबीएसई की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि प्रश्नपत्रों में सुरक्षा के कई प्रावधान किए गए हैं, जिनमें संदिग्ध स्थिति में प्रश्नपत्र की प्रामाणिकता जांचने के लिए क्यूआर कोड भी शामिल है।
बोर्ड के अनुसार 9 मार्च को कक्षा 12वीं की गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई थी। कुछ प्रश्नपत्र सेट में यह देखा गया कि दिए गए क्यूआर कोड में से किसी एक को स्कैन करने पर वह एक यूट्यूब वीडियो से लिंक हो रहा है। इससे छात्रों और उनके अभिभावकों के बीच प्रश्नपत्र की प्रामाणिकता को लेकर कुछ चिंताएं उत्पन्न हो गईं।
सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र पूरी तरह वास्तविक हैं और उनकी सुरक्षा में कोई कमी नहीं आई है। बोर्ड ने कहा कि इस विषय में उठी शंकाओं को दूर कर दिया गया है।
हालांकि बोर्ड ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
प्रेस विज्ञप्ति में परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कहा कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा पूरी तरह बरकरार है और छात्रों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार