होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल आपूर्ति रोकी तो ईरान पर बरसेगी ‘आग और कहर’: अमेरिका की चेतावनी

10 Mar 2026 20:50:59

वॉशिंगटन, 10 मार्च (हि.स.)। अमेरिका ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल आपूर्ति बाधित करने की कोशिश की तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि अगर ईरान इस अहम समुद्री मार्ग से तेल के प्रवाह को रोकने का प्रयास करता है, तो अमेरिका उसे कई गुना ज्यादा ताकत से जवाब देगा।

हेगसेथ ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी स्पष्ट कर दिया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल आपूर्ति रोकने की किसी भी कोशिश का कड़ा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में ईरान पर “मौत, आग और कहर बरसेगा।”

यह बयान उस समय आया है जब अमेरिकी सैन्य अभियान 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' को लेकर नई जानकारी साझा की गई। इस दौरान ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन केन ने बताया कि अमेरिकी सेना क्षेत्र में जहाजों की सुरक्षा और संभावित सैन्य विकल्पों का आकलन कर रही है।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक अब तक ईरान के मिसाइल, नौसैनिक और सैन्य ढांचे से जुड़े 5,000 से अधिक लक्ष्यों पर हमले किए जा चुके हैं। उनका दावा है कि इन कार्रवाइयों के बाद ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों की क्षमता में उल्लेखनीय कमी आई है।

उल्लेखनीय है कि होरमुड जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से खाड़ी क्षेत्र का बड़ा हिस्सा तेल और गैस वैश्विक बाजारों तक पहुंचता है। इस मार्ग में किसी भी तरह की बाधा का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार और भारत जैसे बड़े आयातक देशों पर भी पड़ सकता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0