भारत ने संयुक्त राष्ट्र से बाल विवाह के खिलाफ वैश्विक दिवस घोषित करने की मांग की

युगवार्ता    10-Mar-2026
Total Views |
भारत के बाल अधिकार कार्यकर्ता एवं विधिवेत्ता भुवन ऋभु


नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। दुनिया भर में हो रहे बाल विवाह की समस्या पर गंभीर चिंता जताते हुए भारत के बाल अधिकार कार्यकर्ता एवं विधिवेत्ता भुवन ऋभु ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र से बाल विवाह के उन्मूलन के लिए एक अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने की मांग की है।

संयुक्त राष्ट्र के कमीशन ऑन द स्टैटस ऑफ वुमेन (सीएसडब्ल्यू) के 70वें सत्र के मौके पर एक कार्यक्रम में उन्होंने वर्चुअली माध्यम से कहा कि हाल के वर्षों में भारत में बाल विवाह में उल्लेखनीय कमी आई है लेकिन आज भी दुनिया में हर 3 सेकेंड में कहीं न कहीं एक बाल विवाह हो रहा है।

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के संस्थापक भुवन ऋभु ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र को ‘बाल विवाह उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस’ की घोषणा करनी चाहिए ताकि इसके खिलाफ वैश्विक प्रतिबद्धता व जवाबदेही मजबूत हो और दुनिया भर की सरकारें तथा समाज इस अपराध को समाप्त करने के लिए संगठित हों।”

उन्होंने कहा कि भारत ने दिखाया है कि बाल विवाह का अंत संभव है। रोकथाम संरक्षण अभियोजन एवं बच्चों, समुदायों और धर्मगुरुओं की भागीदारी पर आधारित ‘संपूर्ण सरकार और संपूर्ण समाज’ के दृष्टिकोण के साथ हमारा देश 2030 तक बाल विवाह को समाप्त करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। भारत में तीन वर्षों से भी कम समय में बाल विवाह की दर 23 प्रतिशत से घटकर 15 प्रतिशत से नीचे आ गई है। बाल विवाह दरअसल एक बच्चे के साथ होने वाले दुष्कर्म और यौन शोषण से कम नहीं है जिसे अक्सर संस्कृति या परंपरा की ओट में छिपा दिया जाता है।

विशेषज्ञों ने यह भी रेखांकित किया कि कई देशों में बाल विवाह के खिलाफ सख्त कानूनी ढांचे पहले से मौजूद हैं लेकिन उनके कमजोर क्रियान्वयन के कारण यह प्रथा अब भी जारी है।

कार्यक्रम में मौजूद सिएरा लियोन की प्रथम महिला डॉ. फातिमा मादा बायो, नेपाल की महिला बाल एवं वरिष्ठ नागरिक मंत्री श्रद्धा श्रेष्ठ एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने बाल विवाह के खात्मे के लिए एक समर्पित अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने की मांग का पुरजोर समर्थन किया। इससे बाल विवाह के खिलाफ वैश्विक स्तर पर प्राथमिकता के आधार पर कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और जवाबदेही को मजबूती मिलेगी।

भुवन ऋभु वर्ल्ड लॉ कांग्रेस 2025 में वर्ल्ड जूरिस्ट एसोसिएशन की ओर से ‘मेडल ऑफ ऑनर’ से सम्मानित हो चुके हैं। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन ने यह कार्यक्रम सिएरा लियोन की प्रथम महिला तथा ऑर्गनाइजेशन ऑफ अफ्रीकन फर्स्ट लेडीज़ फॉर डेवलपमेंट की अध्यक्ष डॉ. फातिमा मादा बायो के कार्यालय के साथ साझेदारी में आयोजित किया था।

इस मौके पर संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष के सहायक महासचिव एवं कार्यक्रम निदेशक पियो स्मिथ फ्रांस सरकार की मानवाधिकार राजदूत इसाबेल रोम, जर्मनी के उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत थॉमस जाहनाइजेन, अफ्रीकी संघ की ओर से डॉ. एंजेला मार्टिन्स, संयुक्त राष्ट्र वुमेन की क्षेत्रीय राजदूत एवं रीजेनरेटिव हब्स की संस्थापक जहा दुकुरेह और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की जनरल काउंसिल रचना त्यागी सहित कई अंतरराष्ट्रीय हस्तियां मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Tags