ईरान ने महिला फुटबॉल टीम को लौटने का दिया भरोसा, कहा- खुले दिल से स्वागत होगा

युगवार्ता    10-Mar-2026
Total Views |

- सात सदस्य ऑस्ट्रेलिया में ही रहे, बाकी स्क्वाड ईरान के लिए रवाना

तेहरान/कैनबरा, 10 मार्च (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया में एशिया कप खेलने गई ईरानी महिला फुटबॉल टीम को लेकर जारी विवाद के बीच ईरान सरकार ने खिलाड़ियों को देश लौटने का भरोसा दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि टीम के सदस्यों का “खुले दिल से स्वागत” किया जाएगा और उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर कोई खतरा नहीं है और उन्हें विश्वास के साथ स्वदेश लौटना चाहिए। वहीं ईरान के जनरल प्रॉसीक्यूटर कार्यालय ने भी टीम के बाकी सदस्यों को “शांति और भरोसे” के साथ वापस आने का निमंत्रण दिया है।

यह मामला उस समय सामने आया जब ऑस्ट्रेलिया में आयोजित महिला एशियन कप के एक मैच से पहले राष्ट्रगान के दौरान कुछ ईरानी खिलाड़ियों ने मौन रहकर विरोध जताया था। इसके बाद उनके खिलाफ संभावित कार्रवाई की आशंका को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता जताई जाने लगी।

इसी बीच रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम के सात सदस्य ऑस्ट्रेलिया में ही रुक गए हैं और उन्होंने वहां शरण की मांग की है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज ने पुष्टि की है कि पांच खिलाड़ियों को मानवीय आधार पर वीजा दिया गया है, जबकि दो अन्य सदस्य—एक खिलाड़ी और एक स्टाफ—ने भी शरण का अनुरोध किया है।

बताया जा रहा है कि टीम के बाकी सदस्य अब ईरान के लिए रवाना हो चुके हैं। हालांकि वे किस मार्ग से वापस जाएंगे और कब तक पहुंचेंगे, इस बारे में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags