ईरान के हमले रक्षात्मक कार्रवाई, आम अमेरिकियों को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं: अराघची

10 Mar 2026 01:07:53

तेहरान, 10 मार्च (हि.स.)। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा है कि ईरान की सैन्य कार्रवाई रक्षात्मक है और इसका उद्देश्य पड़ोसी देशों को निशाना बनाना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तेहरान केवल उन अमेरिकी सैन्य ठिकानों को लक्ष्य बना रहा है, जहां से ईरान पर हमले किए जा रहे हैं।

अराघची के अनुसार पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिका के सैन्य ठिकानों से ईरान के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे हैं, जिन्हें रोकना ईरान की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ईरान क्षेत्रीय देशों की संप्रभुता और उनके साथ अपने संबंधों का सम्मान करता है, लेकिन यदि किसी देश की जमीन या हवाई क्षेत्र से ईरान पर हमला किया जाता है, तो वहां मौजूद अमेरिकी सैन्य सुविधाओं को लक्ष्य बनाया जा सकता है।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए एक पोस्ट में अराघची ने कहा कि ईरान आम अमेरिकी नागरिकों को नुकसान पहुंचाना नहीं चाहता। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के अधिकांश नागरिक महंगे विदेशी युद्धों में शामिल होने के खिलाफ हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि तेल की बढ़ती कीमतों, महंगे कर्ज और आर्थिक दबाव के लिए इजराइल और वाशिंगटन के कुछ सहयोगियों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। इससे पहले एक अन्य पोस्ट में अराघची ने अमेरिका की सैन्य कार्रवाई की आलोचना करते हुए उसे “ऑपरेशन एपिक मिस्टेक” बताया और कहा कि ईरान अपने तेल और परमाणु ठिकानों के खिलाफ संभावित हमलों के लिए पूरी तरह तैयार है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0