ईरान में बढ़ते तनाव के बीच डेनमार्क ने तेहरान दूतावास बंद किया, नीदरलैंड भी हटाएगा स्टाफ

युगवार्ता    10-Mar-2026
Total Views |

तेहरान/कोपेनहेगन, 10 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच यूरोपीय देशों ने ईरान में अपने राजनयिक मिशनों की सुरक्षा को लेकर एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। डेनमार्क ने तेहरान स्थित अपने दूतावास को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला किया है।

डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन ने कहा कि मौजूदा सुरक्षा हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं, जिसके कारण दूतावास को फिलहाल खुला रखना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि बढ़ते सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इसी बीच नीदरलैंड्स ने भी तेहरान स्थित अपने दूतावास से स्टाफ हटाने का निर्णय लिया है। डच सरकार के अनुसार कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दूतावास की गतिविधियों को अस्थायी रूप से बाकू से संचालित किया जाएगा।

डच अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। हालात सामान्य होने के बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे का फैसला लिया जाएगा।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के कारण कई देश अपने नागरिकों और राजनयिक कर्मियों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags