
नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष को हटाए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मंगलवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने पर सवाल उठाए और प्रियंका गांधी को राहुल से बेहतर बताया। इस पर प्रियंका गांधी मुस्कुराती रहीं। इसके बाद रिजिजू ने उनके मुस्कुराने का जिक्र कर पंडित नेहरू का कथन उद्धृत किया। इस पर प्रियंका ने राहुल को निडर नेता बताया।
रिजिजू ने अपने भाषण में कहा कि राहुल गांधी को विपक्ष का नेता क्यों बनाया गया, जबकि वे गंभीर नहीं हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा बेहतर विपक्ष की नेता होतीं। रिजिजू के इस बयान पर प्रियंका मुस्कुराती हुई अपनी सीट से खड़ी हो गईं।
प्रियंका ने कहा, मैं इसलिए मुस्कुरा रही थी क्योंकि आज उन्होंने पंडित नेहरू का कथन अपने पक्ष में इस्तेमाल किया, जिनकी वे दिन-रात आलोचना करते हैं। आज रिजिजू ने पंडित नेहरू के उस कथन का हवाला दिया जिसमें उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत करने की बात कही थी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ही एकमात्र व्यक्ति हैं जिन्होंने पिछले 12 वर्षों में सरकार के सामने सिर नहीं झुकाया। राहुल सदन में खड़े होकर बेझिझक सत्य बोलते हैं और यही सच्चाई सरकार को असहज करती है। राहुल ने हमेशा सरकार के सामने सच्चाई रखी है और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर