नेशनल ट्रायल में मनु भाकर का शानदार प्रदर्शन, 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल जीता

युगवार्ता    10-Mar-2026
Total Views |

नई दिल्ली, 10 मार्च (हि.स.)। भारतीय ओलंपियन मनु भाकर ने नेशनल सेलेक्शन ट्रायल्स टी3 (ग्रुप-ए) में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता का आयोजन नई दिल्ली स्थित डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में किया गया।

मनु भाकर फाइनल में आखिरी क्वालिफायर के रूप में पहुंची थीं, लेकिन दूसरे सीरीज के बाद उन्होंने बढ़त बना ली और अंत तक उसे कायम रखते हुए 246.1 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने ट्रायल-2 की विजेता सैन्यम को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 241.9 अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं एशियन चैंपियनशिप स्वर्ण और विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता ईशा सिंह 220.6 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

फाइनल में पलक गुलिया 200.2 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं। इसके बाद अंजलि चौधरी (179.8) पांचवें, सुरभि राव (158.2) छठे स्थान पर रहीं। प्रांजलि प्रशांत धुमाल और मुस्कान ने क्रमशः 138.7 और 117.0 अंक के साथ शीर्ष आठ में जगह बनाई।

क्वालिफिकेशन राउंड में ईशा सिंह ने 580-21x के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। उनके बाद सुरभि राव (578-12x) दूसरे और मुस्कान (577-15x) तीसरे स्थान पर रहीं। अंजलि चौधरी, सैन्यम, पलक गुलिया और मनु भाकर ने भी फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।

ट्रायल के बाद राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी 11 से 21 मार्च तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगे, जहां आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी की जाएगी।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags