मध्य प्रदेश में गैस और तेल की पर्याप्त आपूर्ति, घबराने की जरूरत नहीं : मोहन यादव

10 Mar 2026 19:20:53
मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव


भोपाल, 10 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में खाद्य सामग्री, गैस और तेल की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की कोई कमी नहीं है। सरकार के पास पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। आम लोगों को किसी भी तरह की घबराहट, चिंता या परेशान होने की जरूरत नहीं है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार को मंत्रालय में खाड़ी देशों में उपजी विषम परिस्थितियों के मद्देनजर मध्य प्रदेश में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रदेश में बेहतर से बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार परिस्थितियों पर गहनता से नजर बनाए हुए है। केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में देश के साथ मध्य प्रदेश में भी कहीं कोई आपूर्ति संबंधित दिक्कत नहीं है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्व और देश के समक्ष उपजी परिस्थितियों और संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए मध्यप्रदेश में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। तीन सदस्यीय मंत्री और अधिकारियों की समिति प्रदेश की आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी करेगी और आपूर्ति बहाल रखने के लिए सभी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में रह रहे या वर्क वीजा पर गए या पर्यटन के लिए गए भारतीय नागरिकों, विशेषकर मध्य प्रदेश के निवासियों की स्वदेश वापसी के लिए प्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार के सम्पर्क में है। राज्य सरकार से हेल्पलाइन के जरिए अब तक 255 लोगों ने संपर्क किया है, जिनकी सकुशल स्वदेश वापसी के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं।

बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सभी मंत्री सहित प्रभारी मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, अपर मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) नीरज मंडलोई, खाद्य विभाग की अपर मुख्य सचिव रश्मि अरूण शमी, जनसम्पर्क आयुक्त मनीष सिंह एवं अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0