
काठमांडू, 10 मार्च (हि.स.)। नेपाल में ५ मार्च को हुए चुनाव की मतगणना में समानुपातिक (पीआर) निर्वाचन प्रणाली के तहत अब तक 1,04,24,527 मतों की गिनती हो चुकी है। अब तक 164 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि धनुषा-1 निर्वाचन क्षेत्र का परिणाम विवाद के कारण अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) ने 50,03,168 वोट के साथ सबसे अधिक मत प्राप्त किए हैं। नेपाली कांग्रेस को 16,93,091 वोट मिले हैं, जबकि सीपीएन-यूएमएल को 14,11,863 वोट प्राप्त हुए हैं। इसी तरह नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी को 7,67,621 वोट मिले हैं। श्रम संस्कृति पार्टी को 3,58,317 वोट, जबकि राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी (आरपीपी) को 3,24,909 वोट प्राप्त हुए हैं। अन्य दलों में जनता समाजवादी पार्टी नेपाल को 1,71,697 वोट, राष्ट्रीय परिवर्तन पार्टी को 1,66,447 वोट, और जनमत पार्टी को 76,542 वोट मिले हैं।
समानुपातिक प्रणाली के तहत मतगणना अभी भी जारी है। समानुपातिक में कम से कम तीन प्रतिशत मत पाने वाले और प्रत्यक्ष में कम से कम एक सीट जीतने दल को ही समानुपातिक सीट में हिस्सेदारी मिलने का संवैधानिक प्रावधान है। प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली के तहत आरएसपी 125 सीट जीत चुकी है। नेपाली कांग्रेस ने 18 सीट, सीपीएन-यूएमएल ने 9 सीट, और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी ने 7 सीट हासिल की हैं। श्रम संस्कृति पार्टी ने 3 सीट जीती हैं, जबकि राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी और एक स्वतंत्र उम्मीदवार को एक-एक सीट मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास