ट्रम्प बोले- ऑस्ट्रेलिया ईरान की महिला खिलाड़ियों को दे शरण, वापस भेजना बड़ी गलती

युगवार्ता    10-Mar-2026
Total Views |

वॉशिंगटन/कैनबरा, 10 मार्च (हि.स.)। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्ंप ने ऑस्ट्रेलिया से अपील की है कि वह ईरान की महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को शरण दे। ट्रम्प का कहना है कि यदि इन खिलाड़ियों को वापस इरान भेजा गया तो उनकी जान को खतरा हो सकता है।

यह मामला उस समय सामने आया जब ऑस्ट्रेलिया में महिला एशियन कप के दौरान ईरानी टीम से जुड़ा विवाद सामने आया। रिपोर्ट के अनुसार 28 फरवरी को ईरान पर हमले के बाद ईरानी महिला टीम ने मैच से पहले राष्ट्रगान नहीं गाया था, जिसे सरकार के खिलाफ विरोध के रूप में देखा गया। इसके बाद ईरान के कुछ मीडिया मंचों पर खिलाड़ियों की आलोचना की गई और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए कहा कि यदि खिलाड़ियों को ईरान लौटाया गया तो उन्हें कड़ी सजा का सामना करना पड़ सकता है और उनकी जान को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने इसे एक संभावित मानवीय संकट बताते हुए ऑस्ट्रेलिया से खिलाड़ियों को शरण देने का आग्रह किया।

ट्रम्प ने यह भी कहा कि यदि ऑस्ट्रेलिया इन खिलाड़ियों को आश्रय देने के लिए तैयार नहीं होता है तो अमेरिका उन्हें शरण देने के लिए तैयार है। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags