नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को लोकसभा में कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में विपक्ष ने जिस तरह संवैधानिक संस्थाओं, परंपराओं और पदों पर आक्षेप लगाया, उसे धूमिल व दुष्प्रचारित करने का कृत्य किया है वो अशोभनीय व निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की छवि बेदाग है और कांग्रेस एजेंडे के तहत उनके खिलाफ यह अविश्वास प्रस्ताव लेकर आई है।
अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पर विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के खिलाफ चर्चा में कहा, देश गवाह है कि कैसे विपक्ष ने राहुल गांधी के नेतृत्व में जानबूझकर आसन को व लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को टारगेट किया, अपमानित किया, उनके ऊपर झूठे आरोप लगाये, उनके विरुद्ध दुष्प्रचार किया। यहां तक की पिछले महीने इन्होंने हुजूम बनाकर लोकसभा अध्यक्ष को उनके ऑफिस में अपमानित किया था, लेकिन इसके बाद भी बिरलाजी ने हमेशा ही शालीनता और संसदीय गरिमा का परिचय दिया। यह प्रस्ताव अध्यक्ष के खिलाफ नहीं है, यह अनुशासन के खिलाफ है, यह प्रक्रिया के खिलाफ है, यह समानता के खिलाफ है, यह किसी एक व्यक्ति के खिलाफ नहीं है, यह इस विचार के खिलाफ है कि संसद को कार्य करना चाहिए। देश को यह तय करना होगा कि कौन संसद के साथ खड़ा है और कौन व्यवधान के साथ खड़ा है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल को एक के बाद एक, देश की संवैधानिक संस्थाओं, पदों पर हमला कर सुर्ख़ियों में बने रहने की लत लग चुकी है। राहुल नेता प्रतिपक्ष से भारत विरोधी टूल-किट गैंग के सरग़ना बन चुके हैं। इनके हर प्रयास, इनके हर काम भारत के लोकतंत्र को कमजोर करने की, भारत की जनता को गुमराह करने की, सनसनी फैला कर हेडलाइन मैनेजमेंट तक सीमित हो गई है। भारत की संसद रूलबुक से चलेगी, सोरोस की टूलकिट से नहीं। उन्होंने कहा कि राहुल और कांग्रेस का चीन प्रेम पुराना है और पंडित नेहरू से लेकर राहुल तक सब चीन की सरपरस्ती में झुके ही मिले।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी