एलपीजी संकट से एक करोड़ से ज्यादा लोगों के बेरोजगार होने का खतराः केजरीवाल

युगवार्ता    11-Mar-2026
Total Views |
दिल्ली में आआपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल


नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को दावा किया कि देश में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत होने से एक करोड़ से ज्यादा लोगों के बेरोजगार होने का खतरा है।

केजरीवाल ने आआपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में एलपीजी की दैनिक उपलब्धता लगभग 50 प्रतिशत तक कम हो गई है, जिसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और उद्योगों पर पड़ रहा है। भारत में एलपीजी की कुल खपत का करीब 60 फीसद हिस्सा आयात के जरिए पूरा किया जाता है और इस आयात का लगभग 90 फीसद हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज के रास्ते आता है। मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण इस मार्ग से भारत को आने वाली आपूर्ति लगभग बंद हो गई है। इसके कारण एक करोड़ से ज्यादा लोगों के बेरोजगार होने का खतरा है।

केजरीवाल ने कहा कि देशभर में शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को छोड़कर, बाकी सभी कमर्शियल संस्थानों को एलपीजी गैस की सप्लाई बंद कर दी गई है। केवल घरेलू उपयोग के लिए गैस दी जाएगी। इससे देश के सभी हिस्सों में एलपीजी गैस की किल्लत हो गई है। केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को युद्ध शुरू होने के एक दिन पहले इजराइल जाने की क्या जरूरत थी? ऐसा करके उन्होंने पूरे देश को संकट में डाल दिया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Tags