अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में पीतलनगरी का दबदबा, मुरादाबाद मडंल तीसरे स्थान पर

युगवार्ता    11-Mar-2026
Total Views |
बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता अयोध्या में सम्पंन


मुरादाबाद, 11 मार्च (हि.स.)। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 9, 10 और 11 मार्च को डॉ. भीमराव अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, प्रयागराज रोड ढावा सेवर, अयोध्या में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में मण्डल स्तर पर विजेता खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मुरादाबाद जनपद के खिलाड़ियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों के दल के कंटीजेंट लीडर एवं बीईओ मनोज कुमार बोस ने बताया कि प्रतियोगिता में मुरादाबाद मण्डल ने आल ओवर चैंपियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जो पूरे मण्डल के लिए गर्व की बात है।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में सबसे शानदार प्रदर्शन ठाकुरद्वारा ब्लॉक के खिलाड़ियों ने किया। ठाकुरद्वारा ने कुल 7 गोल्ड, 8 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। इस ब्लॉक के कम्पोजिट विद्यालय गढ़ूबाला ठाकुरद्वारा की छात्राओं नैना, राधिका, काशिका, आराधना और रकित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किए। वहीं भगतपुर टांडा ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल सिरसवा गौड़ के खिलाड़ियों ने 4 गोल्ड, 2 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बिलारी ब्लॉक के खिलाड़ियों ने कुश्ती प्रतियोगिता में 2 गोल्ड मेडल जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा मूंढापांडे ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर नगली की प्राथमिक बालक कबड्डी टीम ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि टीम दूसरे राउंड में बाहर हो गई, लेकिन खिलाड़ियों के खेल और जज्बे की सराहना की गई।

इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक गंगासरन ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की मेहनत और लगन से जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ डा. हरनन्दन प्रसाद, करतार सिंह, अरविंद कुमार, सुनीता रानी, रामचंद्र सिंह, अनिरुद्ध प्रताप सिंह, मीनू रानी और मुताहिर हुसैन सहित टीम प्रभारियों ने उपस्थित रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Tags