सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च हुआ आरआईआईटी का आईपीओ, 24 मार्च को हो सकती है लिस्टिंग

युगवार्ता    11-Mar-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा समर्थित राजमार्ग इन्फ्रा इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (आरआईआईटी) का 6,000 करोड़ रुपये का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च कर दिया गया। इस आईपीओ में 13 मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 18 मार्च को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 23 मार्च को अलॉटेड शेयर डीमैट अकाउंट में क्रेडिट कर दिए जाएंगे। कंपनी के शेयर 24 मार्च को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं। आईपीओ खुलने के बाद पहले दिन इसे 16 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल सका है।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 99 रुपये से लेकर 100 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। इस आईपीओ के तहत छह हजार करोड़ रुपये मूल्य के कुल 60 करोड़ शेयर जारी हो रहे हैं। आईपीओ में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए 56.46 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 24.60 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (एनआईआई) के लिए 18.93 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है। इस इश्यू के लिए एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज लिमिटेड को रजिस्ट्रार बनाया गया है।

बताया जा रहा है कि राजमार्ग इंफ्रा इनवेस्टमेंट ट्रस्ट का इरादा देश की चालू टोल सड़क परियोजनाओं को अपने पास रखना और उनसे होने वाली कमाई को निवेशकों में बांटना है। शुरुआत में इस ट्रस्ट के पास झारखंड, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक जैसे राज्यों में स्थित पांच सड़क परियोजनाएं होंगी, जहां से फिलहाल टोल वसूला जा रहा है. इनकी कुल लंबाई करीब 260 किलोमीटर है। इनमें चेन्नई बाईपास, चेन्नई से ताडा और नेलमंगला से तुमकुर जैसे प्रमुख सड़क मार्ग शामिल हैं। आने वाले दिनों में इस ट्रस्ट का और भी विस्तार करने की योजना है। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने अगले तीन से पांच साल की अवधि में इस ट्रस्ट से करीब 1,500 किलोमीटर अतिरिक्त सड़कों को जोड़ने की मंजूरी दे दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags