पश्चिम एशिया संकट पर कांग्रेस राजनीति कर रही, अफवाहों से सतर्क रहें: प्रधानमंत्री

युगवार्ता    11-Mar-2026
Total Views |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को एर्नाकुलम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए


एर्नाकुलम, 11 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को केरल के एर्नाकुलम में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और वामदलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट जैसे वैश्विक मुद्दे पर भी कांग्रेस राजनीति कर रही है और अफवाहें फैलाकर देश में डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति को लेकर लोगों की चिंता स्वाभाविक है क्योंकि लाखों भारतीय वहां काम करते हैं। लेकिन देश को भरोसा रखना चाहिए कि भाजपा-एनडीए सरकार अपने नागरिकों को संकट में कभी अकेला नहीं छोड़ती। उन्होंने कहा कि चाहे ईराक में नर्सों को बचाने का मामला हो या यमन में आतंकवादियों के कब्जे से फादर टॉम को छुड़ाने की घटना, भारत ने हमेशा अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी ताकत लगाई है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्तमान संकट के दौरान भी सरकार भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि खाड़ी देशों की सरकारें भी भारतीय नागरिकों का ध्यान रख रही हैं और वहां स्थित भारतीय दूतावास 24 घंटे सहायता प्रदान कर रहे हैं, जिसमें भोजन, चिकित्सा और कानूनी मदद शामिल है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने बड़े वैश्विक संकट के समय भी कांग्रेस उकसाने वाले और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है, जिससे हालात बिगड़ सकते हैं और विदेशों में रह रहे भारतीयों के लिए मुश्किलें पैदा हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी दलों का पूरा तंत्र इस समय अफवाहें फैलाने और देश में भय का वातावरण बनाने में जुटा है। उन्होंने लोगों से ऐसी अफवाहों से सावधान और सतर्क रहने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के “युवराज” को भारत के युवाओं की क्षमता पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के युवा ड्रोन निर्माण जैसे आधुनिक क्षेत्रों में शानदार काम कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व को इसकी जानकारी तक नहीं है। उन्होंने कहा कि केरल के युवा भी ड्रोन स्टार्टअप और निर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी के पहले 25 वर्षों में केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ के सत्ता में आने-जाने के क्रम ने राज्य के विकास को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि इस राजनीतिक पैटर्न के कारण भ्रष्टाचार बढ़ा और कई विकास परियोजनाएं रुक गईं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित केरल के लिए पर्यटन, प्रतिभा और तकनीक को नए अवसर देना जरूरी है। उन्होंने राज्य की जनता से अपील की कि वे भाजपा-एनडीए को भी अवसर दें, जिससे राज्य में विकास की नई दिशा तय हो सके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों ने आत्मनिर्भरता के महत्व को और स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में विदेशी निर्भरता कम करने के लिए सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जिनमें सौर ऊर्जा क्षमता का विस्तार, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा और रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण शामिल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Tags