सेल ने वित्त वर्ष 2025-26 के अप्रैल-फरवरी में सबसे अधिक बिक्री दर्ज की

11 Mar 2026 17:46:53
सेल के जारी फोटो का प्रतीकात्मक चित्र


सेल के जारी फोटो का प्रतीकात्मक चित्र


सेल के जारी फोटो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स)। देश के सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक महारत्न कंपनी, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-फरवरी (11 महीने) की अवधि के दौरान अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है।

कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में 18.24 मिलियन टन (एमटी) स्टील की बिक्री की है, जो कि सालाना आधार पर 14 फीसदी अधिक है। इसी अवधि के दौरान सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी सेल का कैश कलेक्शन 1.11 लाख करोड़ रुपए रहा है, जो कि पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 10 फीसदी अधिक है। इस दौरान रिटेल बिक्री, स्टॉकयार्ड बिक्री और डोर डिलीवरी में महत्वपूर्ण सुधार हुआ।

इस्पात मंत्रालय के मुताबिक अकेले फरवरी 2026 में सेल ने 1.58 मिलियन टन की कुल बिक्री दर्ज की। कंपनी ने जनवरी 2026 की तुलना में अपने स्टॉक में 1.05 लाख टन की कमी की और अपने ऋण को 1,000 करोड़ रुपए घटाया है। सार्वंजनिक क्षेत्र की कंपनी ने बाजार की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करते हुए संबंधित क्षेत्रों की मांग को देखते हुए चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन फिर से शुरू कर दिया है। पहली बार झारखंड स्थित सेल के बोकारो स्टील प्लांट से चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन किया जा रहा है।

कंपनी के इस प्रदर्शन पर निदेशक (वित्त) एवं निदेशक (वाणिज्यिक) डॉ. एके पांडा ने कहा कि हम बाजार के अनुरूप ढलने और आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इन्वेंट्री और वर्किंग कैपिटल का कुशलतापूर्वक प्रबंधन करके हम उस वित्तीय अनुशासन का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो कंपनी की नींव को मजबूत करता है। साथ ही हमारी रिकॉर्ड बिक्री और नकद संग्रह हमारे ग्राहकों द्वारा हम पर जताए गए भरोसे का प्रमाण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0