
- सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,565 अंक तक टूटा, निफ्टी में भी ऊपरी स्तर से 464 अंक की गिरावट
नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज एक बार फिर तेज गिरावट का शिकार हो गया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 1,565 अंक से अधिक और निफ्टी 464 अंक से अधिक टूट गए। आज शेयर बाजार ने सपाट स्तर पर मिली-जुली शुरुआत हुई थी।
बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में मामूली तेजी भी आई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों ने लाल निशान में गोता लगा दिया। बाजार में पूरे दिन मंदड़ियों का दबाव बना रहा, जिसकी वजह से दोनों सूचकांक लगातार गिरते चले गए। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.72 प्रतिशत और निफ्टी 1.63 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। बैंकिंग, ऑटोमोबाइल, एफएमसीजी और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर में आज जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह आईटी, कैपिटल गुड्स, मेटल, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, ऑयल एंड गैस और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में खरीदारी होती रही। ब्रॉडर मार्केट में भी आज बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.36 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में पांच लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 441.76 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 447.04 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.28 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,414 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,881 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,380 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 153 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,937 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,197 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,740 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सिर्फ दो शेयर बढ़त के साथ और 28 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से नौ शेयर हरे निशान में और 41 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 32.93 अंक की मामूली बढ़त के साथ 78,238.91 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से पहले पांच मिनट में ही यह सूचकांक 118.39 अंक की तेजी के साथ 78,324.37 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स अपनी सारी बढ़त गंवा कर लाल निशान में गिर गया।
लगातार हो रही बिकवाली की वजह से यह सूचकांक आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले ऊपरी स्तर से 1,565.11 अंक फिसल कर 1,446.72 अंक की कमजोरी के साथ 76,759.26 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई खरीदारी के कारण सेंसेक्स निचले स्तर से 104.45 अंक सुधर कर 1,342.27 अंक की गिरावट के साथ 76,863.71 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 29.75 अंक टूट कर 24,231.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर थोड़ी ही देर में यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 67.15 अंक उछल कर 37.40 अंक की मजबूती के साथ हरे निशान में 24,299 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी एक बार फिर गिर कर लाल निशान में पहुंच गया।
कारोबार के बीच में खरीदारों ने कई बार लिवाली का जोर बना कर बाजार को सहारा देने की भी कोशिश की, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर कोई असर नहीं पड़ सका। लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 464.70 अंक लुढ़क कर 427.30 अंक की गिरावट के साथ 23,834.30 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे की वजह से हुई मामूली खरीदारी के कारण निफ्टी दिन के निचले स्तर से 32.55 अंक की रिकवरी कर 394.75 अंक की कमजोरी के साथ 23,866.85 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से जियो फाइनेंशियल 1.14 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 0.83 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल्स 0.72 प्रतिशत, कोल इंडिया 0.72 प्रतिशत और एनटीपीसी 0.69 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस 4.91 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 4.48 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 3.88 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 3.81 प्रतिशत और आयशर मोटर्स 3.76 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक