
नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। सिर्फ एक दिन की मजबूती के बाद घरेलू शेयर बाजार आज एक बार फिर बड़ी गिरावट का शिकार हो गया। आज के कारोबार के दौरान सेंसेक्स इंट्रा-डे में 1,565 अंक से अधिक टूट गया, वहीं निफ्टी भी इंट्रा-डे में 460 अंक से अधिक लुढ़क गया। इस जोरदार गिरावट के कारण निवेशकों को एक दिन में ही पांच लाख करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो गया। आज की गिरावट के लिए मुख्य रूप से चार फैक्टर्स को जिम्मेदार माना जा रहा है। इन फैक्टर्स में पश्चिम एशिया का सैन्य तनाव, विदेशी निवेशकों की बिकवाली, घरेलू बाजार में हुई मुनाफा वसूली और इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स में आई गिरावट शामिल है।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि आज के कारोबार में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध को लेकर मिल रहे मिले-जुले संकेतों को लेकर निवेशकों के मन में लगातार डर बना रहा। हालांकि दो दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध जल्दी खत्म होने का संकेत दिया था, जिसकी वजह से मंगलवार को शेयर बाजार में तेजी भी दर्ज की गई थी। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप का बयान आने के बाद ईरान ने स्पष्ट कर दिया कि युद्ध जारी रहेगा। ईरान ने अपने हमले भी तेज कर दिए। इसके साथ ही ईरान द्वारा हॉर्मुज स्ट्रेट में बारूदी सुरंग बिछाने की खबर से भी आज निवेशकों के बीच लगातार डर का माहौल बना रहा।
पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के कारण विदेशी निवेशक भी सतर्क रुख अपनाते हुए अपना पैसा निकालने के इरादे से भारतीय बाजार में लगातार बिकवाली करने की रणनीति पर चल रहे हैं। मार्च के महीने में विदेशी निवेशक 32,849 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी कर चुके हैं। विदेशी निवेशकों द्वारा जम कर की जा रही बिकवाली की वजह से भी घरेलू शेयर बाजार पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है। हालांकि विदेशी निवेशकों की बिकवाली का असर कम करने के लिए घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) भी लगातार खरीदारी कर रहे हैं। इसके बावजूद वैश्विक स्तर पर बने तनाव की वजह से शेयर बाजार लगातार गिरावट का शिकार हो रहा है।
धामी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट प्रशांत धामी का कहना है कि मंगलवार के कारोबार में जिस तरह से घरेलू शेयर बाजार ने मजबूती दिखाई थी, उसकी वजह से आज के कारोबार में निवेशकों ने जमकर मुनाफा वसूली भी की। इस मुनाफा वसूली की वजह से भी शेयर बाजार पर दबाव बन गया। इसके अलावा सिर्फ एक दिन की गिरावट के बाद आज एक बार फिर इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स (इंडिया वीआईएक्स) में आज एक बार फिर आठ प्रतिशत से अधिक की उछाल दर्ज की गई। इन तमाम फैक्टर्स की वजह से घरेलू शेयर बाजार सिर्फ एक दिन की मजबूती के बाद एक बार फिर बड़ी गिरावट का शिकार हो गया।
खुराना सिक्योरिटीज एंड फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ रवि चंदर खुराना का कहना है कि शेयर बाजार फिलहाल दबाव का सामना करते हुए सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। निफ्टी के लिए 23,900 अंक के पास पहला सपोर्ट बना हुआ है। वहीं 23,800 अंक के स्तर को मजबूत सपोर्ट माना जा रहा है। अगर रेजिस्टेंस की बात करें, तो ऊपर की ओर 24,400 अंक से लेकर 24,500 अंक के स्तर पर बड़ा रेजिस्टेंस बना हुआ है। अगर निफ्टी इस स्तर के ऊपर निकलने में सफल हो जाता है, तो यह बढ़ कर 24,700 अंक के स्तर तक जा सकता है। वहीं अगर निफ्टी निचले सपोर्ट लेवल को ब्रेक करता है, तो यह 23,500 अंक के स्तर तक भी गिर सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक