तेलंगाना के पांचवें राज्यपाल के रूप में शिव प्रताप शुक्ला ने ली शपथ

11 Mar 2026 18:29:55
शिव प्रताप शुक्ला राज्यपाल


हैदराबाद, 11 मार्च (हि.स.)। तेलंगाना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस ऑपरेश कुमार सिंघ ने बुधवार काे राजभवन में शिव प्रताप शुक्ला काे तेलंगाना के नए राज्यपाल के तौर पर शपथ दिलाई।

आज राजभवन में आयाेजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में विधानसभा स्पीकर, विधान मंडली के चेयरमैन, राज्य के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क और अन्य मंत्री व प्रमुख लाेग शामिल हुए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शिव प्रताप शुक्ला तेलंगाना के पांचवें राज्यपाल हैं। शुक्ला ने उत्तर प्रदेश में छात्र नेता के रूप में अपना करियर शुरू किया और केंद्र में वित्त राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। वे चार बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए चुने गए।

शुक्ला इससे पहले हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे। केंद्र सरकार ने 5 मार्च को राज्यपालों के फेरबदल में उन्हें तेलंगाना का राज्यपाल बना दिया गया। अप्रैल, 1952 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में जन्मे शुक्ला अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के संगठन मंत्री रह चुके हैं। शुक्ला 1983 में भाजपा में शामिल हुए और 1989 में जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पहली बार विधायक चुने गए। इसके बाद शुक्ला 1991, 1993 और 1996 में विधानसभा के लिए चुने गए और उन्होंने कारागार, कानून एवं न्याय तथा ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के मंत्रिमंडल मंत्री के रूप में कार्य किया। वे 10 जून, 2016 को उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए। शुक्ला प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी के पहले कार्यकाल की सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नागराज राव

Powered By Sangraha 9.0