इतिहास के पन्नों में 13 मार्च : शहीद ऊधम सिंह - जलियांवाला बाग के प्रतिशोध की अमर गाथा

युगवार्ता    12-Mar-2026
Total Views |
जलियांवाला बाग। फोटो- इंटरनेट मीडिया


देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए अनगिनत क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उन्हीं महान वीरों में से एक थे पंजाब की धरती पर जन्मे अमर क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह। उन्होंने अपने अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम से भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अमिट स्थान बनाया।

1919 के भीषण जलियांवाला बाग नरसंहार ने उनके मन में अंग्रेजी शासन के खिलाफ प्रतिशोध की ज्वाला जगा दी थी। इस नरसंहार के लिए जिम्मेदार माने जाने वाले पंजाब के तत्कालीन लेफ्टिनेंट गवर्नर माइकल ओ’डायर को दंड देने का संकल्प उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया। वर्षों तक अवसर की प्रतीक्षा करने के बाद ऊधम सिंह लंदन पहुंचे और 13 मार्च 1940 को कैक्सटन हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान माइकल ओ’डायर पर गोलियां चलाकर जलियांवाला बाग के निर्दोष शहीदों का बदला लिया।

ऊधम सिंह का यह साहसिक कदम ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ भारतीय क्रांतिकारी आंदोलन की दृढ़ता और बलिदान का प्रतीक बन गया। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए उन्होंने अपने प्राणों की परवाह नहीं की और अपने अदम्य साहस से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गए। उनका बलिदान भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1781 - खगोलशास्त्री विलियम हर्शेल ने अरूण अथवा यूरेनस ग्रह का पता लगाया।

1800 - मराठा साम्राज्य को अपनी योग्यता से एक बार फिर शिखर पर पहुंचाने वाले राजनेता नाना फडणवीस का निधन।

1878 - भारतीय भाषाओं के लिए देसी प्रेस अधिनियम (वर्नाकुलर प्रेस ऐक्ट) पारित किया। इसके अगले ही दिन अमृत बाजार पत्रिका को अंग्रेजी पत्र के रूप में प्रकाशित किया जाने लगा।

1881 - रूसी शासक अलेक्जेंडर द्वितीय की हत्या।

1892 - बॉम्बे-तांसा वाटर वर्क्स को खोला गया।

1940 - पंजाब के पूर्व गवर्नर माइकल ओ डायर को लंदन में उधम सिंह उर्फ मोहम्मद सिंह आजाद ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। इसे 1919 के जलियांवाला बाग के नरसंहार के प्रतिशोध के तौर पर देखा गया।

1956 - न्यूजीलैंड ने टेस्ट क्रिकेट खेलने का दर्जा मिलने के 26 साल बाद अपनी पहली जीत हासिल की।

1963 - विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान करने का ऐलान किया गया।

1992 - तुर्की में आये भूकंप से करीब 500 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग बेघर हो गए।

1997 - सिस्टर निर्मला का चयन नेता के रूप में ईन्डियन मिशनरीज ऑफ चैरिटी में मदर टेरेसा द्वारा किया गया।

1999 - शेख हमाज बिन ईसा अल खलीफा बहरीन के नये शासक बने, 23 वर्षों के अंतराल के बाद श्रीलंका सरकार ने हत्या एवं मादक द्रव्य तस्करी सदृश अपराधों के लिए मृत्युदंड की सजा पुन: बहाल करने का निश्चय किया।

2002 - राबर्ट मुगावे पुन: जिम्बाब्वे के राष्ट्रपति निर्वाचित, पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की जापान यात्रा प्रारम्भ, सीटीबीटी पर हस्ताक्षर के लिए समय मांगा।

2003 - इराक पर ब्रिटेन के प्रस्तावों को फ़्रांस ने नामंजूर किया।

2008 - राज्यपाल ने खाद्य सुरक्षा और मानक संशोधन विधेयक, 2008 को पारित किया।

2008 - 'हिन्दुस्तान टाइम्स' और पाकिस्तान के अखबार 'डॉन' को पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कुलिश सम्मान प्रदान किया गया।

2008 - नासा का अंतरिक्ष यान एंडेवर सकुशल अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुँचा।

2008 - सैक्स स्कैण्डल में फंसे न्यूयार्क के गवर्नर एलिमट स्पित्जर ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की।

2009 - सार्क साहित्योत्सव आगरा में शुरू हुआ।

2013 - कैथोलिक चर्च के 266 वें पोप के रूप में पोप फ्रांसिस का चयन।

2018 - छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों के हमलें में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 9 जवानों की मौत।

जन्म

1899 - बुर्गुला रामकृष्ण राव, आंध्र प्रदेश के राजनैतिक नेता।

1971 - आत्मा रंजन , हिंदी के प्रसिद्ध कवि।

1980 - वरुण गांधी, एक युवा राजनेता।

1861 - चुनीलाल बसु - भारत के एक रसायनज्ञ, विज्ञानसाधक, चिकित्सक और देशप्रेमी थे।

निधन

1800 - नाना फड़नवीस - एक मराठा राजनेता।

1996 - शफी ईनामदार - हिन्दी फिल्मों के अभिनेता।

2004 - विलायत खां - भारत के प्रसिद्ध सितार वादक।

2014 - एस. मल्लिकार्जुनैय्या - भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिज्ञ थे।

महत्वपूर्ण अवसर

-गज दिवस।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags