जीएसपी क्रॉप साइंस का 400 करोड़ रुपये का आईपीओ 16 मार्च को खुलेगा

12 Mar 2026 14:29:53
आईपीओ के प्राइस बैंड की घोषणा के मौके पर जीएसपी क्रॉप साइंस लिमिटेड के सीएफओ शैल शाह, सीएमडी भावेश शाह और अन्य


आईपीओ के प्राइस बैंड की घोषणा के मौके पर जीएसपी क्रॉप साइंस लिमिटेड के सीएफओ शैल शाह, सीएमडी भावेश शाह और अन्य


नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स)। अहमदाबाद की कृषि रसायन कंपनी जीएसपी क्रॉप साइंस लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 16 मार्च को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 18 मार्च तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 304–320 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी के शेयर 24 मार्च को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।

कंपनी ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि एंकर (बड़े) निवेशक 13 मार्च को बोली लगा पाएंगे। जीएसपी क्रॉप साइंस लिमिटेड ने अपने आईपीओ के लिए मूल्य का दायरा (प्राइस बैंड) 304–320 रुपये प्रति शेयर तय किया है। यह आईपीओ 240 करोड़ रुपये के नए शेयर और 160 करोड़ रुपये के 50 लाख शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन है। इसमें निवेश करने के लिए आपको कम से कम एक लॉट खरीदना होगा, जिसमें 46 शेयर होंगे। एक लॉट के लिए आपको कम से कम 14,720 रुपये का निवेश करना पड़ेगा।

कंपनी की योजना इस आईपीओ से 400 करोड़ रुपये जुटाने की है। जीएसपी क्रॉप साइंस लिमिटेड नए निर्गम से प्राप्त 170 करोड़ रुपये की राशि का इस्तेमाल ऋण भुगतान के लिए किया करेगी। एक हिस्सा सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए रखा जाएगा। इस कंपनी को भारत में कीटनाशकों, शाकनाशियों, कवकनाशी और पादप वृद्धि नियामकों के विकास एवं निर्माण में 39 वर्ष से अधिक का अनुभव है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0