भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा - नई सरकार के साथ मिल कर काम करने को उत्सुक

युगवार्ता    12-Mar-2026
Total Views |
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल


काठमांडू, 12 मार्च (हि.स.)। नेपाल में हुए संसदीय चुनाव और उसके परिणाम को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि नेपाल के नई बनने वाली सरकार के साथ मिल कर काम करने के लिए उत्सुक हैं।

विदेश मंत्रालय के नियमित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों देशों के बीच बीच अद्वितीय और बहुआयामी साझेदारी तथा संबंध मौजूद हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों और वर्षों में दोनों देशों के बीच यह गतिशील संबंध और अधिक गहरे तथा मजबूत होते जाएंगे, ऐसा विश्वास भारत को है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने नेपाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुए चुनाव का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने टेलीफोन पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सभापति रवि लामिछाने और पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह को बधाई दी है।

जायसवाल के अनुसार, मोदी ने दोनों नेताओं को उनकी व्यक्तिगत चुनावी जीत और पार्टी की शानदार सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

टेलीफोन बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के नेताओं को भारत के निरंतर सहयोग का आश्वासन भी दिया। प्रवक्ता जायसवाल के मुताबिक, एक घनिष्ठ मित्र और पड़ोसी देश के रूप में भारत नेपाल की जनता और बनने वाली नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता पर कायम है।

उन्होंने कहा कि साझा शांति, प्रगति और समृद्धि के नए आयाम हासिल करने के लिए भारत नई सरकार के साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए तैयार है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Tags