सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की भेंट

युगवार्ता    12-Mar-2026
Total Views |
केंद्रीय मंत्री से भेंट करते सांसद अनुराग शर्मा


झांसी में जाम से राहत को रिंग रोड के लिए हुआ मंथन

झांसी, 12 मार्च (हि.स.)। झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने गुरुवार को संसद भवन में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की। उन्होंने क्षेत्र के बुनियादी ढांचे और यातायात सुधार पर विस्तार से चर्चा की। इस उच्चस्तरीय वार्ता के दौरान सांसद ने झाँसी के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने का आग्रह किया।

सांसद शर्मा ने विशेष रूप से एनएच-44 और एनएच-39 को जोड़ने वाले प्रस्तावित इंटरलिंक बाईपास के निर्माण हेतु वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने की मांग की, ताकि इसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ हो सके। इसके अतिरिक्त, झाँसी-कानपुर मार्ग (NH-27) पर बढ़ते भारी यातायात के दबाव को देखते हुए उन्होंने इसे '6-लेन' में परिवर्तित करने की परियोजना पर बल दिया और इसके लिए जल्द बजट आवंटित करने का अनुरोध किया।

चर्चा के दौरान झाँसी लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न नगरों को जाम की समस्या से मुक्त करने और आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए 'रिंग रोड' के निर्माण पर भी गहन मंथन हुआ। मंत्री नितिन गडकरी ने इन परियोजनाओं के जनहितैषी महत्व को स्वीकार करते हुए आगामी बजट आवंटन में आवश्यक वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का पूर्ण आश्वासन दिया।

सड़क बुनियादी ढांचे का यह सुदृढ़ीकरण न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि बुंदेलखंड क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा। सांसद अनुराग शर्मा ने मंत्री के सकारात्मक और सहयोगात्मक दृष्टिकोण के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Tags