एनएचएआई ने जारी किया तमिलनाडु में गंगैकोंडा चोलपुरम बाईपास निर्माण का अनुबंध

12 Mar 2026 18:15:53
एनएचएआई


नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने तमिलनाडु में एनएच-81 के कल्लगम से मीनसुरुट्टी खंड पर गंगैकोंडा चोलपुरम बाईपास के निर्माण के लिए अनुबंध जारी किया है। सात किलोमीटर लंबे इस दो लेन वाले ग्रीनफील्ड बाईपास का शिलान्यास प्रधानमंत्री ने एक दिन पहले 11 मार्च को किया था।

एनएचएआई ने बताया कि इस परियोजना में 3.47 किलोमीटर लंबी सेवा सड़कें, दो लघु पुल, दो वीयूपी, तीन एलवीयूपी और आठ बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण शामिल है। बाईपास बनने से गंगैकोंडा चोलपुरम स्थित 1000 वर्ष पुराने बृहदीश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में एनएच-81 मंदिर के बेहद निकट से गुजरता है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को खतरा रहता है। बाईपास के निर्माण से भारी वाहनों का यातायात मंदिर क्षेत्र से हटकर नए मार्ग से गुजरेगा, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुविधाजनक होगी।

परियोजना से वायु प्रदूषण में कमी आएगी और मंदिर की शिलालेखों पर प्रदूषणजनित क्षति को रोका जा सकेगा। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही से मंदिर को संभावित नुकसान से भी बचाया जा सकेगा। इसके अलावा यह बाईपास श्रीरंगम स्थित प्रसिद्ध अरंगनाथ स्वामी मंदिर और चिदंबरम के नटराज मंदिर तक यात्रा समय को कम करेगा। परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को निर्बाध यात्रा का अनुभव प्राप्त होगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0