
काठमांडू, 12 मार्च (हि.स.)। नेपाल के निर्वाचन आयोग ने संघीय संसद चुनाव की मतगणना पूरी करने के बाद समानुपातिक प्रतिनिधित्व (पीआर) प्रणाली के तहत सीटों का अंतिम आवंटन कर दिया है।
आयोग के अनुसार, तीन प्रतिशत की सीमा (थ्रेसहोल्ड) पार करने वाले छह राजनीतिक दलों को राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता दी गई है और उन्हें प्रतिनिधि सभा में समानुपातिक सीटें आवंटित की गई हैं।
निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने सबसे अधिक 57 सीटें हासिल की हैं, इसके बाद नेपाली कांग्रेस को 20 सीटें मिली हैं।
इसी तरह के पी शर्मा ओली के नेतृत्व में रहे सीपीएन यूएमएल को 16 सीटें प्राप्त हुईं, जबकि पुष्प कमल दहाल प्रचण्ड के नेतृत्व में रहे नेपाली कम्यूनिस्ट पार्टी को 9 सीटें मिली हैं।
इसी प्रकार पहली बार चुनाव लड़ने वाली श्रम शक्ति पार्टी को ४ सीट तथा राजतंत्र समर्थक राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी को भी ४ सीटें मिलने की जानकारी आयोग ने दी है।
निर्वाचन आयोग ने ‘थ्रेसहोल्ड’ पार करने वाले इन सभी दलों को तीन दिन के भीतर समानुपातिक प्रणाली के तहत अपने उम्मीदवारों के नाम भेजने को कहा है।
आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई के अनुसार, समानुपातिक मतगणना पूरी होने के बाद सीटों की संख्या निर्धारित की गई है। निर्वाचन कानून के मुताबिक समानुपातिक प्रणाली में 3 प्रतिशत ‘थ्रेसहोल्ड’ पार करने वाले छह दलों को ही सीटें आवंटित की गई हैं।
आयोग के अनुसार समानुपातिक प्रणाली में कुल 1 करोड़ 12 लाख 80 हजार 617 मत पड़े थे। इनमें से 1 करोड़ 8 लाख 35 हजार 25 मत वैध पाए गए, जो कुल का 96.05 प्रतिशत है।
वहीं प्रत्यक्ष प्रणाली के तहत 1 करोड़ 11 लाख 68 हजार 32 मत पड़े, जिनमें से 1 करोड़ 5 लाख 59 हजार 17 मत यानी 94.55 प्रतिशत वैध घोषित किए गए।
प्रतिनिधि सभा चुनाव में कुल 1 करोड़ 89 लाख 3 हजार 689 मतदाता पंजीकृत थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास