नेपाल में भी कुकिंग गैस संकट का असर, आज से लोगों को आधा सिलेंडर ही मिलेगा

12 Mar 2026 18:45:53
गैस सिलिंडर भरवाने जाते उपभोक्ता


काठमांडू, 12 मार्च (हि.स.)। नेपाल में पिछले दो महीनों से बाजार में गैस की कमी देखी जा रही है। साथ ही पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण भी लोग गैस जमा करके रखने लगे हैं, जिससे संकट और बढ़ गया है। इसलिए आयल निगम ने अब उपभोक्ताओं को खाना पकाने वाला गैस सिलेंडर आधा ही उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।

निगम के कार्यकारी निदेशक चंद्रिका भट्ट ने बताया कि गुरुवार को हुई निगम की संचालक समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। आम जनता की आवश्यकता से अधिक गैस सिलेंडर जमा करने की प्रवृत्ति बढ़ने के कारण बाजार में आधा गैस सिलेंडर ही भेजने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि निगम फिलहाल इंडियन आयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) से गैस खरीदकर नेपाल में बिक्री करता है, लेकिन हाल के दिनों में भारत से मांग के अनुसार गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

नेपाल में औसतन प्रतिदिन लगभग 120 गैस बुलेट (टैंकर) की आवश्यकता होती है, जबकि वर्तमान में करीब 80 बुलेट के आसपास ही आपूर्ति हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0