मानव तस्करी के जाल में फंसे 16 नेपाली नागरिकों को कंबोडिया से वापस लाया गया

12 Mar 2026 16:18:53
बैंकाक स्थित नेपाली राजदूतावास


काठमांडू, 12 मार्च (हि.स.)। मानव तस्करों के झांसे में आकर कंबोडिया में फंसे 16 नेपाली नागरिकों को गुरुवार को स्वदेश वापस लाया गया। इसमें बैंकाक स्थित नेपाली राजदूतावास, कंबोडिया सरकार और गैर आवासीय नेपाली संघ (एनआरएनए) का समन्वय रहा।

दूतावास के अनुसार इन लोगों को विभिन्न माध्यमों से कंबोडिया पहुंचाकर अवैध रूप से संचालित ऑनलाइन स्कैमिंग (ठगी) केंद्रों और कैसीनो में गैरकानूनी काम करने के लिए मजबूर किया गया था। इसके अलावा उनमें से कुछ लोग बिना वीजा के ही वहां रह रहे थे। दूतावास ने बताया कि अभी भी वहां कठिन परिस्थितियों में फंसे अन्य नेपाली नागरिकों के उद्धार के लिए प्रयास जारी हैं।

दूतावास ने कंबोडिया में वीजा अवधि समाप्त होने के बाद रह रहे या जबरन गैरकानूनी काम में फंसे नेपाली नागरिकों से तुरंत संपर्क करने की अपील भी की है। इसके लिए नेपाली दूतावास ने इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर शिवराज पराजुली (+855 12 215 578), लालसिंह खड्का (+855 93 203 666) और रामजी श्रीकुमार क्षेत्री (+855 96 346 5788) जारी किया है। इनसे संपर्क कर प्रभावित नेपाली नागरिक स्वदेश वापसी की प्रक्रिया में सहयोग प्राप्त कर सकते हैं।

दूतावास ने यह भी बताया कि कई मामलों में स्कैमिंग केंद्रों में काम कराने वाली कंपनियों ने श्रमिकों के पासपोर्ट अपने पास रख लिए हैं या उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करते समय दस्तावेज खो गए हैं। ऐसे मामलों में दूतावास बैंकॉक से बिना शुल्क एकतरफा यात्रा अनुमति पत्र (वन-वे ट्रैवल परमिट) जारी कर नेपाल वापस भेजने की व्यवस्था कर रहा है। दूतावास ने नेपाली नागरिकों से अपील की है कि वे नेपाल सरकार की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही रोजगार के लिए विदेश जाएं। जल्दी और अधिक पैसा कमाने के लालच में कंबोडिया, लाओस और म्यांमार जैसे देशों की यात्रा कर अवैध रोजगार में न फंसें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0