राजनाथ सिंह पहुंचे लखनऊ, कल ग्रीन कारिडोर का करेंगे उद्घाटन

युगवार्ता    12-Mar-2026
Total Views |
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत करते उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक


लखनऊ, 12 मार्च (हि.स.)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीए दौरे पर गुरूवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अन्तरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी एवं एमएलसी मुकेश शर्मा सहित अनेक नेताओं ने उनका स्वागत किया। रक्षा मंत्री एयरपोर्ट से सीधे कालिदास मार्ग स्थित आवास पहु़चे। राजनाथ सिंह शुक्रवार को लखनऊ में गोमती किनारे बने ग्रीन कारिडोर द्वितीय फेज का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे। रक्षा मंत्री भाजपा के पूर्व एमएलसी स्व. विन्ध्यवासिनी कुमार के घर जाकर उनके परिजनों से मिलेंगे। इसके अलावा लखनऊ के प्रमुख भाजपा नेताओं से भेंट करेंगे।भाजपा एमएलसी मुकेश शर्मा ने बताया कि ग्रीन कारिडोर बन जाने से राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक डालीगंज, निशातगंज और हजरतगंज क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। ग्रीन कॉरिडोर के इस हिस्से के चालू होने के बाद वाहन चालक बिना सिग्नल की बाधा के सीधे गोमती नदी के किनारे बने मार्ग से समता मूलक चौक और गोमतीनगर तक पहुंच सकेंगे।

झूलेलाल वाटिका में आयोजित समारोह में इस परियोजना के तीसरे और चौथे चरण का शिलान्यास भी किया जाएगा। तीसरे चरण के तहत समता मूलक चौक से जनेश्वर मिश्र पार्क की ओर मार्ग विकसित किया जाएगा, जबकि चौथे चरण में इस कॉरिडोर को आगे बढ़ाते हुए शहीद पथ तक जोड़ा जाएगा। इन दोनों चरणों के पूरा होने के बाद आईआईएम रोड से शहीद पथ तक एक सीधा और तेज संपर्क मार्ग उपलब्ध हो जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Tags