रूस ने भारत को एलएनजी सप्लाई फिर शुरू करने की जताई इच्छा

12 Mar 2026 23:12:53

नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा है कि रूस भारत को लिक्विफाइड नेचुरल गैस (एलएनजी) की आपूर्ति देने के लिए तैयार है और दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को फिर से आगे बढ़ाया जा सकता है।

मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में अलीपोव ने बताया कि कुछ वर्ष पहले भारत को एलएनजी सप्लाई के लिए कई व्यवस्थाएं और अनुबंध किए गए थे, लेकिन पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के कारण इन योजनाओं पर असर पड़ा और वे पूरी तरह लागू नहीं हो सके।

राजदूत ने कहा कि रूस भारत के साथ ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का इच्छुक है और भविष्य में एलएनजी सप्लाई को दोबारा शुरू करने की संभावनाओं पर काम किया जा सकता है। उनका कहना था कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में साझेदारी मजबूत करने से आपूर्ति की स्थिरता और आर्थिक सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

माना जा रहा है कि अगर रूस से एलएनजी की आपूर्ति फिर शुरू होती है तो इससे भारत की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत हो सकती है और बढ़ती ऊर्जा मांग को पूरा करने में मदद मिल सकती है। साथ ही यह कदम वैश्विक ऊर्जा बाजार में भी नई रणनीतिक संभावनाएं पैदा कर सकता है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0