आईईटी में इंजीनियर्स प्रीमियर लीग के मुकाबलों में रोमांचक जीतें

12 Mar 2026 20:00:53

गोरखपुर, 12 मार्च (हि.स.)। दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (IET) में चल रहे इंजीनियर्स प्रीमियर लीग (EPL) के अंतर्गत आज तीन रोमांचक क्रिकेट मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

पहले मुकाबले में टेक्निकल ब्लास्टर और एम ई वॉरियर की टीमें आमने-सामने थीं। टेक्निकल ब्लास्टर ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 7 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 110 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एम ई वॉरियर की टीम 7 ओवर में 1 विकेट पर 78 रन ही बना सकी। इस प्रकार टेक्निकल ब्लास्टर ने यह मुकाबला 32 रन से अपने नाम कर लिया।

दूसरे मैच में थंडर स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 7 ओवर में 6 विकेट खोकर 74 रन बनाए। इसके जवाब में फाइनल वॉरियर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 4.5 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 78 रन बनाकर 10 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।

तीसरे मुकाबले में द एलीट XI की टीम 7 ओवर में केवल 40 रन पर ऑल आउट हो गई। इसके जवाब में क्वांटम हिटर्स ने तेज़ शुरुआत करते हुए मात्र 2 ओवर में ही बिना कोई विकेट खोए 43 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 10 विकेट से जीत दर्ज की।

आज के मुकाबलों में बल्लेबाज़ों का दबदबा स्पष्ट रूप से देखने को मिला। टीमों ने तेज़ रन गति से लक्ष्य हासिल करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और दर्शकों को कई रोमांचक क्षण देखने को मिले। प्रतियोगिता के आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Powered By Sangraha 9.0