ऊर्जा के साथ भारत की सामरिक प्रगति में भी बीएचईएल का योगदान : कुमार स्वामी

12 Mar 2026 21:39:53
केंद्रीय मंत्री कुमार स्वामी व सीएमडी  मूर्ति


हरिद्वार, 12 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमार स्वामी ने कहा कि भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड(बीएचईएल) की हरिद्वार इकाई ऊर्जा के साथ राष्ट्र की सामरिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान कर रही है। इस दिशा में विविधीकरण के तहत रक्षा मंत्रालय की आवश्यकता पर बनने वाली सुपर रैपिड नेवल गन (तोप) भारत की नेवी को आपूर्ति की गई है। कार्बन ऊर्जा को कम करके सोलर ऊर्जा को बढ़ाने की दिशा में भी बीएचईएल कार्य कर रही है। हरिद्वार बीएचईएल इकाई के प्रवास पर आए केंद्रीय मंत्री कुमार स्वामी पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि अमेरिका, इजराइल एवं ईरान के युद्ध से भारत के उद्योगों पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। जहां तक एलपीजी गैस किल्लत की बात है, तो देश मे घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। लोग बेवजह परेशान हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने रसोई गैस के प्रोडक्शन को 25% बढ़ाने के निर्देश गैस कंपनियों को दे दिए हैं। कुछ समय बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि आज बीएचईएल हरिद्वार यूनिट में पांच मेगावाट का सोलर एनर्जी प्लांट का उद्घाटन किया गया है। साथ ही, 800 मेगावॉट का टरबाइन एवं भारत की नौ सेना के लिए सुपर रैपिड गन माउंट (एसआरजीएम) उनके द्वारा लॉन्च किया गया। यह रैपिड गन भारत की नेवी के साथ-साथ भविष्य में वैश्विक स्तर पर उपयोगी होगी। उन्होंने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में कार्बन ऊर्जा को कम करने के प्रधानमंत्री के विजन को देखते हुए बीएचईएल ने सोलर सहित रिन्यूएबल एनर्जी के क्षेत्र में भी कदम आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि बीएचईएल हरिद्वार इकाई देश की तरक्की मे अपना योगदान समर्पण भाव से कर रही है, जिसके लिए भेल के सभी अधिकारी व कर्मचारी बधाई के पात्र है। उन्होंने कहा कि बीएचईएल हरिद्वार इकाई के अन्य प्रकल्पों को देखकर मुझे खुशी हुई कि हरिद्वार यूनिट निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। इस मौके पर बीएचईएल के सीएमडी के. एस मूर्ति, कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार, महाप्रबंधक संतोष गुप्ता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Powered By Sangraha 9.0