मेघालय के गारो हिल्स में जनजातियों का अधिकार छीनने की भाजपा ने की निंदा

युगवार्ता    13-Mar-2026
Total Views |
सांसद रविशंकर प्रसाद


नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मेघालय के गारो हिल्स में गैर-जनजातीय षड्यंत्र से जनजातियों का अधिकार छीनने की निंदा की है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता कर कहा कि मेघालय में गारो हिल्स क्षेत्र में इन दिनों काफी हंगामा और दंगे की स्थिति है।

बांग्लादेशी घुसपैठिए वहां बड़ी संख्या में आए हैं। गारो डिस्ट्रिक्ट काउंसिल एक स्वायत्त संस्था है और भारत के संविधान के अंदर उसे प्रशासन का अधिकार प्राप्त है। उसका चुनाव होता है और सर्टिफाइड आदिवासी ही चुनाव लड़ते हैं।

उन्होंने कहा कि

बंगाल और झारखंड के तर्ज पर बांग्लादेशी मुस्लिम घुसपैठियों ने नया रास्ता अपनाया है। ये स्थायी आदिवासी बेटियों से शादी कर लेते हैं और बाद में तलाक लेकर अलग हो जाते हैं और उस आधार पर सर्टिफिकेट लेकर चुनाव लड़ते आ जाते हैं।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ये पूरा जो मामला बढ़ा, उसका कारण है फुलबाड़ी के विधायक, जो अब तृणमूल कांग्रेस में हैं।

उन्होंने जीएचएडीसी में पारित प्रस्ताव के बावजूद गारो हिल्स ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल के लिए 9 मार्च को अपना नामांकन दाखिल किया।

वे आदिवासी नहीं हैं, इसलिए इसका विरोध हुआ। उनके लोगों ने हमला किया और दंगे में दो लोग मारे गए। अब स्थिति तनावपूर्ण है।

हम मेघालय के गारो हिल्स में गैर-जनजातीय षड्यंत्र द्वारा जनजातियों का अधिकार छीनने की निंदा करते हैं।

उल्लेखनीय है कि गारो हिल्स स्वायत्त जिला परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने को लेकर जनजातीय और गैरजनजातीय समुदाय के लोगों के बीच मंगलवार को झड़प हुई थी। इस हिंसा में दो लोगों की मौत हुई। स्थिति को देखते हुए बुधवार को क्षेत्र के पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं। इसके साथ ही पश्चिम गारो हिल्स और पूर्वी गारो हिल्स जिलों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हिंसा को देखते हुए सरकार ने 10 अप्रैल को होने वाले चुनाव को भी स्थगित कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags