बांग्लादेश में दो बसों में टक्कर, दूल्हा-दुल्हन समेत 14 की मौत, बीएनपी नेता के घर मातम

युगवार्ता    13-Mar-2026
Total Views |
यह हादसा मोंगला-खुलना हाइवे पर हुआ। फोटो - बीएसएस


ढाका, 13 मार्च (हि.स.)। बांग्लादेश में मोंगला-खुलना हाइवे पर बांग्लादेश नेवी की एक बस और एक यात्री मिनसी बस के बीच आमने-सामने की टक्कर में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दूल्हा-दुल्हन और एक ही परिवार के कई सदस्य शामिल हैं। यह हादसा गुरुवार शाम करीब 4:00 बजे बेलाई पुल के पास हुआ। मिनी बस में शादी समारोह से लौट रहे एक ही परिवार के सदस्य सवार थे। विपरीत दिशा से आ रही नेवी की बस से मिनी बस की टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई।

बांग्लादेश की सरकारी न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस और अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी लोगों ने बाद में अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में मोंगला उपजिला के वार्ड नंबर आठ से बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष अब्दुर रज्जाक, उनके बेटे और दूल्हे सब्बीर, दुल्हन मारजिया अख्तर मितु, मितु की दादी अनवारा बेगम, रज्जाक की पत्नी अंजुमारा बेगम, उनकी बेटियां लामिया और आइशी, आइशी के पति सामियुल, बहू पुतुल, पुतुल का बेटा अलीफ, ईरान, मिनी बस का ड्राइवर नईम, इब्राहिम सानी और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।

काटाखाली हाइवे पुलिस स्टेशन प्रभारी अधिकारी मो. जफर अहमद ने बताया कि कोयरा से मोंगला की ओर जा रही मिनी बस की टक्कर नेवी की बस से हो गई। टक्कर में मिनी बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल डॉक्टर महनाज मोशर्रफ ने बताया कि एक ही परिवार के कई घायलों को अस्पताल लाया गया। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।

रूपसा उपजिला स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर राजेश ने बताया कि चार शवों को अस्पताल में रखा गया है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि अब्दुर रज्जाक अपने छोटे बेटे सब्बीर की शादी कोयरा उपजिला के नक्शा गांव की मारजिया अख्तर मितु से करवाने के बाद रिश्तेदारों के साथ घर लौट रहे थे। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Tags