इतिहास के पन्नों में 14 मार्च : विज्ञान जगत के दो महान सितारों से जुड़ी खास तारीख

युगवार्ता    13-Mar-2026
Total Views |
स्मृतियों में... अल्बर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हॉकिंग। फोटो - इंटरनेट मीडिया


विज्ञान के इतिहास में 14 मार्च की तारीख विशेष महत्व रखती है। इसी दिन आधुनिक भौतिकी को नई दिशा देने वाले महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन का जन्म हुआ था। 14 मार्च 1879 को जर्मनी में जन्मे अल्बर्ट आइंस्टीन ने विज्ञान जगत को सापेक्षता के सिद्धांत और द्रव्यमान-ऊर्जा संबंध के प्रसिद्ध समीकरण ई = एमसी 2 जैसे क्रांतिकारी सिद्धांत दिए, जिन्होंने अंतरिक्ष, समय और ऊर्जा को समझने के तरीके को पूरी तरह बदल दिया।

संयोग से इसी तारीख से एक और महान वैज्ञानिक की याद भी जुड़ी है। प्रसिद्ध ब्रिटिश भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग का निधन मार्च 2018 में हुआ था। उन्होंने अंतरिक्ष भौतिकी और ब्रह्माण्ड विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया और ब्लैक होल तथा क्वांटम ग्रेविटी पर अपने शोध से वैज्ञानिक दुनिया को नई दिशा दी।

गंभीर बीमारी के बावजूद हॉकिंग ने व्हीलचेयर पर रहते हुए भी शोध कार्य जारी रखा और अपने अद्भुत ज्ञान व जिज्ञासा के बल पर दुनिया के प्रमुख सैद्धांतिक भौतिकविदों में स्थान बनाया। उन्हें अक्सर आइंस्टीन के बाद सबसे प्रभावशाली वैज्ञानिकों में गिना जाता है। इस तरह 14 मार्च का दिन विज्ञान जगत के दो महान मस्तिष्कों की प्रतिभा और योगदान की याद दिलाने वाली महत्वपूर्ण तारीख के रूप में जाना जाता है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1931 - पहली बोलती भारतीय फिल्म 'आलमआरा' का प्रदर्शन हुआ।

1939 - स्लोवाकिया ने आजादी की घोषणा की।

1987 - फिजी में रक्तहीन सैनिक क्रान्ति के बाद सरकार का तख्ता पलटा गया।

1989 - दक्षिण अफ़्रीकी नेशनल पार्टी द्वारा पीटर बोथा के स्थान पर एफ़.डब्ल्यू.डी. क्लार्क को राष्ट्रपति बनाया गया।

1990 - श्रीमती अर्था पास्कल ट्राविल हैती की प्रथम महिला राष्ट्रपति बनीं।

1998 - सोनिया गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं।

1999 - स्पेन का कार्लोस मोया विश्व का नंबर एक टेनिस खिलाड़ी बना।

2000 - मोहम्मद मुस्तफ़ा मेरो सीरिया के नये प्रधानमंत्री बने।

2001 - संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरान पर प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई, रातुविता मोमेदोनू फिजी के कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त।

2002 - सर्बिया व यूगोस्लाविया में संधि पर हस्ताक्षरर, सेना गाजा पट्टी में घुसी।

2004 - चीन में निजी सम्पत्ति को क़ानूनी मान्यता प्रदान करने के लिए संविधान में संशोधन।

2007 - कारगिल और स्कार्दु के बीच भारत-पाकिस्तान में बस सेवा प्रारम्भ करने पर सहमति।

2008 - विक्ट्री समूह ने ब्रिटेन की प्रसिद्ध स्विचगियर निर्माता कंपनी 'क्रेग एण्ड डेरिकार' का अधिग्रहण किया।

2008 - पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के सह-चेयरमैन आसिफ़ अली जरदारी को पाकिस्तान में घूंसखोरी के आरोपों से बरी किया गया।

2013 - शी चिनफिंग ने चीन की बागडोर संभाली।

2016 - रूस ने सीरिया से अपनी सेनाएं वापस बुलाने की घोषणा की।

जन्म

1879 - अलबर्ट आइंस्टाइन - प्रसिद्ध वैज्ञानिक।

1895 - गुरमुख निहाल सिंह - दिल्ली के भूतपूर्व दूसरे मुख्यमंत्री तथा राजस्थान के प्रथम राज्यपाल थे।

1904 - दानमल माथुर - को राजस्थान के एक प्रसिद्ध और अत्यधिक सम्मानित प्रकाशक के रूप में याद किया जाता है।

1905 - फ्रांसीसी समाजशास्त्री, दार्शनिक और पत्रकार रेमंड आरों का जन्म।

1913 - एस. के. पोट्टेक्काट्ट - प्रसिद्ध मलयालम साहित्यकार।

1965 - आमिर खान - प्रसिद्ध भारतीय अभिनेता।

निधन

1883 - कार्ल मार्क्स - एक प्रसिद्ध जर्मन दार्शनिक, अर्थशास्त्री और वैज्ञानिक समाजवाद का प्रणेता था।

1963 - जयनारायण व्यास -भारत के प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और 'भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस' के प्रसिद्ध राजनेता थे।

1986 - के. सी. अब्राहम - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राजनीतिज्ञ थे।

1997 - वीरेन्द्र पाटिल - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ राजनीतिज्ञों में से एक थे।

2010 - गोविन्द विनायक करंदीकर - मराठी में रचना करने वाले प्रसिद्ध कवि, लेखक, अनुवादक व समीक्षक थे।

2018 - स्टीफन हॉकिंग - विश्व प्रसिद्ध ब्रितानी भौतिक विज्ञानी।

2023 - डॉ वेदप्रताप वैदिक -भारतवर्ष के वरिष्ठ पत्रकार और राजनैतिक विश्लेषक।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags