पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच देश का विदेशी मुद्रा भंडार 11.68 अरब डॉलर घटा

युगवार्ता    13-Mar-2026
Total Views |
विदेशी मुद्रा भंडार के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स)। पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट दर्ज हुई है। देश का विदेशी मुद्रा भंडार छह मार्च को समाप्त हफ्ते में 11.68 अरब डॉलर घटकर 716.81 अरब डॉलर रह गया। इससे पिछले हफ्ते देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 4.885 अरब डॉलर बढ़कर 728.494 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया कि छह मार्च को समाप्त हफ्ते के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार का अहम घटक माने जाने वाली विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 9.88 अरब डॉलर घटकर 563.24 अरब डॉलर रह गईं। स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.61 अरब डॉलर घटकर 130.01 अरब डॉलर रह गया।

केंद्रीय बैंक ने आंकड़ों में बताया कि विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 14.6 करोड़ डॉलर घटकर 18.72 अरब डॉलर रह गया। आंकड़ों के मुताबिक इस अवधि में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार भी 4.5 करोड़ डॉलर घटकर 4.82 अरब डॉलर रह गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags