गांधीनगर आरआरयू रक्षा अटैशे के राउंडटेबल सम्मेलन में शामिल हाेंगे कई देश

युगवार्ता    13-Mar-2026
Total Views |
राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय


गांधीनगर, 13 मार्च (हि.स.)। गुजरात का गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) अपने लवाद स्थित मुख्य परिसर में रक्षा अटैशे के लिए पहला राउंडटेबल सम्मेलन करेगा।

आरआरयू ने अपने बयान में बताया कि दाे दिवसीय 16–17 मार्च 2026 को गांधीनगर के लवाद स्थित मुख्य परिसर में हाेने वाला रक्षा अटैशे के लिए पहला राउंडटेबल

सम्मेलन वैश्विक स्तर पर रणनीतिक और कूटनीतिक संवाद का मंच प्रदान करेगा, जिसमें विभिन्न देशों के रक्षा अटैशे प्रतिभाग करेंगे।

इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य भारत के तेजी से विकसित हो रहे रक्षा उत्पादन और निर्यात तंत्र पर व्यापक विचार-विमर्श करना है। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण एक डिफेंस एग्जीबिशन होगा, जिसमें भारतीय रक्षा कंपनियाें की विकसित अत्यधुनिक स्वदेशी तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी के माध्यम से भारत की आधुनिक औद्योगिक क्षमता और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों के समाधान में उसकी भूमिका को प्रस्तुत किया जाएगा।

इस सम्मेलन में लगभग 30 देशों के उच्चस्तरीय अधिकारी और राजनयिक प्रतिनिधियाें के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही करीब 40 विशेष प्रदर्शक भी अपनी तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।

प्रदर्शनी में एयरोस्पेस और ड्रोन, गोला-बारूद, सिमुलेशन सिस्टम, आंतरिक सुरक्षा, सीमा सुरक्षा, हेल्थ टेक्नोलॉजी, एंटी-ड्रोन इंटरसेप्टर तथा साइबर सुरक्षा जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों की उन्नत तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा सैन्य उपकरणों के लिए महत्वपूर्ण पेंट्स और कोटिंग्स उद्योग की भागीदारी भी देखने को मिलेगी।

यह सम्मेलन भारतीय रक्षा उद्योग को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने अपनी नवीनतम तकनीकों और क्षमताओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा। शैक्षणिक अनुसंधान और औद्योगिक नवाचार को जोड़ते हुए राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय भारत के प्रमुख राष्ट्रीय सुरक्षा और पुलिस विश्वविद्यालय के रूप में अपनी भूमिका को और मजबूत कर रहा है।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन भारत के रक्षा निर्यात को बढ़ावा देने, नई साझेदारियों को प्रोत्साहित करने और द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सम्मेलन के दौरान लाइव डेमोंस्ट्रेशन और तकनीकी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों को नवीनतम रक्षा तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Tags